{"_id":"0e68aa652d6617bea238e790fe6a8b6c","slug":"gangman-killed-by-train-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"गैंग मैन की ट्रेन से कटकर मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गैंग मैन की ट्रेन से कटकर मौत
ब्यूरो/अमर उजाला, हरदोई
Updated Fri, 04 Mar 2016 12:08 AM IST
विज्ञापन
कछौना। दलेल नगर स्टेशन पर गुरुवार को पटरी की मरम्मत करने जा रहे गैंगमैन की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। स्टेशन पर पहले से खड़ी पैसेंजर ट्रेन के इंजन के शोर में पीछे से आ रही ट्रेन का आभास नहीं हुआ और वह चपेट में आ गया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
विज्ञापन
कासिमपुर थाना क्षेत्र के कसबा निवासी जुगुल किशोर (23) रेलवे में गैंगमैन था। तैनाती दलेल नगर रेलवे स्टेशन पर थी। रोज की तरह गुरुवार को भी साथियों के साथ पटरियों की जांच और मरम्मत करने के लिए गया। जब जुगुल किशोर और उसके साथी जांच करने जा रहे थे तभी स्टेशन पर कानपुर से लखनऊ के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन खड़ी थी।
विज्ञापन
ट्रेन के इंजन के पास से गुजरते समय पीछे से अप लाइन पर गुवाहाटी एक्सप्रेस आ रही थी। बताया गया कि जुगुल किशोर अप रूट पर पटरियों के समीप ही चल रहा था और पीछे से आ रही गुवाहाटी एक्सप्रेस की चपेट में आने से मौत हो गई। रेल पथ इंजीनियर एपी त्रिपाठी ने बताया कि उसके साथी कर्मचारियों के अनुसार ट्रेन के इंजन के शोर की वजह से उन्हें खुद भी ट्रेन के आने का आभास नहीं हुआ लेकिन वह लोग किनारे थे तभी बाल बाल बच गए।
विज्ञापन