Hardoi Accident: घने कोहरे के चलते हुए हादसे, अधिवक्ता समेत तीन की मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कोहरे का कहर देखने को मिला। अरवल थाना क्षेत्र में पुल की रेलिंग से बाइक टकरा गई, जिसमें अधिवक्ता की मौत हो गई। वहीं, मल्लावां थाना क्षेत्र में टैंकरों की भिड़ंत हो गई, जिसमें चालक की मौत हुई। इसके अलावा बबूल के पेड़ से बाइक की टकर में युवक की मौत हो गई।
विस्तार
हरदोई जिले में मंगलवार रात करीब 8:30 बजे के बाद अचानक तेज कोहरा पड़ना शुरू हुआ। यह कोहरा राहगीरों के लिए काल बन गया। कोहरे की वजह से सड़क पर कुछ दिखाई नहीं देने के चलते एक नहीं बल्कि तीन लोगों की सड़क हादसे में जान चली गई।
हरपालपुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में अधिवक्ता की मौत हो गई, जबकि मल्लावां कोतवाली क्षेत्र में आगे पीछे चल रहे दो टैंकर भिड़ गए। इसमें एक टैंकर के चालक की मौत हो गई। वहीं अरवल थाना क्षेत्र में खद्दीपुर राजा साहब गांव के निकट बाइक सवार पेड़ से टकरा गया। इसमें बेटे की मौत हो गई। पिता गंभीर रूप से घायल हो गया।
बाइक पुल की रेलिंग से टकराई, अधिवक्ता की मौत
हरपालपुर थाना क्षेत्र में शेखवा पुर गांव के निकट पुल पर बनी रेलिंग से कोहरे के चलते बाइक टकरा गई। इसमें बाइक सवार अधिवक्ता की मौत हो गई। सूचना पाकर परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
अरवल थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव निवासी सुशील तिवारी (30) अधिवक्ता थे। सोमवार को वह किसी काम से हरदोई गए थे। जहां से रात नौ बजे वह बाइक से वापस घर लौट रहे थे। हरपालपुर थाना क्षेत्र के शेखवा पुर नगरिया गांव के पास उनकी बाइक कोहरे की वजह से गर्र नदी पुल पर बनी रेलिंग से अचानक टकरा गई।
हादसे में बाइक सवार सुशील तिवारी की मौके पर मौत हो गई। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों को सूचना दी गई इस घटना से परिजनों में मातम पसर गया। सुशील के चार वर्षीय बेटा अभय और दो वर्षीय पुत्री सिद्धि है। हादसे के बाद पत्नी गुड्डन का रो-रोकर कर बुरा हाल हो गया।
टैंकरों की भिड़ंत में चालक की मौत
मल्लावां थाना क्षेत्र में कोहरे के चलते संडीला से गोसवा रोड पर तीन गैस टैंकर आगे-पीछे चल रहे थे। इसी बीच संडीला कोतवाली क्षेत्र में गोसवा नगर पुल के पास एक टैंकर आगे चल रहे टैंकर से टकरा गया। हादसे में पीछे वाले टैंकर के चालक की मौत हो गई।
जनपद सीतापुर स्थित डालमिया शुगर मिल से तीन टैंकर सोमवार शाम को एथेनॉल भरकर गुजरात के जाम नगर जा रहा थे। तीनों टैंकर एक दूसरे के पीछे कोहरे के कारण चल रहे थे। इसी बीच संडीला रोड पर गोसवा नगर पुल के पास सोमवार रात करीब 11 बजे एक टैंकर आगे चल रहे टैंकर से टकरा गया।
हादसे में टैंकर चालक राजस्थान के जनपद जैसलमेर के थाना धामी फलसमोद के करवारी गांव निवासी चेनाराम (27) की सीट में फंसकर मौके पर ही मौत हो गई। जबकि आगे चल रहे टैंकर का चालक दोस्त मोहम्मद बाल-बाल बच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से शव को बाहर निकलवा कर टैंकर को सड़क से हटवाया। इसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।
पुलिस ने मृतक के परिवारी जनों को सूचना दी। टैंकर चालक दोस्त मोहम्मद ने बताया कि तीनों टैंकर एक ही कंपनी के हैं। तीनों एक साथ गुजरात जा रहे थे। हादसा कोहरे की वजह से हुआ है। कोतवाल शेषनाथ सिंह ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए हरदोई भेजा गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
बबूल के पेड़ से टकराई बाइक बेटे की मौत, पिता घायल
अरवल थाना क्षेत्र में खद्दीपुर राजा साहब गांव के पास सड़क किनारे खड़े बबूल के पेड़ से बाइक टकरा गई। इसमें बाइक सवार बेटे की मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रुप से घायल हो गया। कुम्हारन पुरवा गांव निवासी रामबरन (45) राजगिरी का काम करता है।
सोमवार सुबह वह पुत्र राहुल (18) के साथ बाइक से काम पर गया था। देर रात वापस आते समय रास्ते में घने कोहरे की वजह से थाना क्षेत्र के खद्दीपुर राजा साहब गांव के पास सड़क के किनारे खड़े बबूल के पेड़ से उनकी बाइक टकरा गई।
हादसे में राहुल की मौके पर ही मौत हो गई ,जबकि पिता रामबरन गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेते हुए घायल पिता को इलाज के लिए एंबुलेंस से हरपालपुर सीएचसी भेज दिया। परिवार में इस हादसे के बाद कोहराम मचा हुआ है।