हरदोई। 33 केवी मेन लाइन में ब्रेक डाउन होने से क्षेत्र में दस घंटे विद्युत आपूर्ति ठप रही। आपूर्ति बाधित होने के कारण लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जेई सोमपाल गंगवार ने बताया कि मेन लाइन का इंसुलेटर खराब हो गया था, उसे सही करा दोपहर बाद आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
कस्बे में लगभग हर रोज किसी न किसी कारण से लोगों को घंटों की विद्युत कटौती का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार की सुबह पांच बजे फिर से कस्बे व क्षेत्र की आपूर्ति बाधित हो गई। काफी देर तक आपूर्ति बहाल न होने पर लोगों ने जानकारी जुटाई तो पता चला कि 33 केवी मेन लाइन में फाल्ट हो गया है। इधर, आपूर्ति बाधित होने के बाद विद्युत कर्मियों ने फाल्ट तलाशने के लिए पेट्रोलिंग शुरू की। लगभग ढाई बजे आपूर्ति बहाल हुई, लेकिन आपूर्ति बहाल होते ही पुन: बिजली चली गई। लोगों ने उपकेंद्र पर संपर्क किया तो पता चला कि एक घंटे की रोस्टिंग की गई है। इधर, सुबह से दोपहर तीन बजे तक आपूर्ति बहाल न होने पर लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। कस्बा निवासी इमरान, हफीज व राजाराम आदि ने बताया कि सुबह से बिजली गुल होने के कारण जरूरत के लिए पानी तक जुटाना मुश्किल हो गया। आपूर्ति कब बहाल होगी जेई सोमपाल गंगवार ने बताया कि कोहरे के कारण इंसुलेटर खराब होने पर आपूर्ति बाधित हुई थी। दोपहर में आपूर्ति बहाल कर दी गई है।