Hardoi: कब्र से खोदकर निकाला गया युवक का शव, प्रेम-प्रसंग में हत्या किए जाने की आशंका, जानें पूरा मामला
Hardoi News: प्रभारी निरीक्षक देहात कोतवाली अनिल कुमार सैनी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
हरदोई जिले में देहात कोतवाली क्षेत्र के मढ़ापुरवा में बीती चार मई की रात संदिग्ध हालात में युवक की मौत के मामले में नया मोड़ आया है। मृतक के भाई ने प्रेम-प्रसंग में युवक की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने बुधवार को कब्रिस्तान से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मढ़ापुरवा निवासी अप्पा उर्फ काबिल (42) शादी बरातों में वेटर का काम करता था। पिछले कुछ दिनों से बीमार था। भाई गुड्डू के मुताबिक चार मई की देर रात अप्पा घर के अंदर ही मृत अवस्था में मिला। परिजनों ने समझा कि बीमारी के कारण मौत हुई है। पांच मई को उसे गरीबपुरवा स्थित कब्रिस्तान में दफन कर दिया गया।
इसी दौरान परिजनों को पता चला कि अप्पा की हत्या की गई है। परिवार के ही एक युवक से परिजनों ने कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने शीतल पेय पदार्थ में नशीली गोलियां पिलाकर अप्पा को बेहोश कर देने और फिर गमछे से गला दबाकर हत्या करने की बात कही। घटना की पूरी जानकारी परिजनो ने देहात कोतवाली पुलिस को दी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी युवक से पूछताछ करने के बाद परिजनों की मौजूदगी में बुधवार को शव कब्रिस्तान से निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक परिवार के युवक ने प्रेम-प्रसंग में हत्या किए जाने की बात भाई से कही है। प्रभारी निरीक्षक देहात कोतवाली अनिल कुमार सैनी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।