हरदोई। वाहनों की चेकिंग अभियान के दौरान सुरसा पुलिस ने शुक्रवार शाम एक कार सहित तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। इनके पास से 43 एक्टीवेटेड सिम, 11 मोबाइल और फर्जी आईडी बरामद हुईं हैं। शनिवार को न्यायालय मेें पेश करने के बाद तीनों को जेल भेज दिया गया।
सुरसा के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि हरदोई-लखनऊ मार्ग पर पचकोहरा तिराहे पर शुक्रवार शाम वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक कार की तलाशी लेने पर इसमें मौजूद तीन युवकों संदिग्ध दिखे। तीनों को कार सहित सुरसा थाने लाया गया। शनिवार को जब इस मामले में और जांच की गई तो पता चला कि एक्टीवेटेड मोबाइल सिम फर्जी आधार कार्ड पर एक्टीवेट किए गए थे। गिरफ्तार किए गए लोगों में पंकज पुत्र बाबूराम निवासी धनिकापुर, अनिल कुमार पुत्र सुरेंद्र पाल निवासी उमरापुर और रामरहीस पुत्र राधाकृष्ण निवासी धनिकापुर थाना सुरसा शामिल हैं।