हरदोई। कासिमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम तेरवा में शनिवार रात हुई चोरी की वारदात का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। दो बदमाशों को गिरफ्तार कर पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के जेवर और ढाई हजार रुपये भी बरामद कर लिए हैं।
ग्राम तेरवा निवासी मुन्नी देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि वह मायके गई हुई थी। घर में कोई नहीं था। रात में चोर घर में रखी अलमारी को तोड़कर 16 हजार रुपये, एक जोड़ी झुमकी, सोने के एक जोड़ी कुंडल, एक जोड़ी पायल, एक सुतिया आदि जेवर चोरी कर ले गए। कासिमपुर के प्रभारी निरीक्षक दीपक रघुवंशी ने घटना का संज्ञान लेकर खुलासा कर दिया। दीपक रघुवंशी ने बताया कि गांव निवासी राहुल और औनेंद्र ने घटना को अंजाम दिया था। इनके कब्जे से चोरी के ढाई हजार रुपये, सोने की एक जोड़ी झुमकी, एक जोड़ी कुंडल, दो जोड़ी पायल, दो जोड़ी बिछिया, एक जोड़ी टॉप्स बरामद कर लिए हैं। दोनों को भेज दिया गया है।