Abdullah Azam: मुलाकात न होने पर सपाइयों का हंगामा, अब्दुल्ला आजम बोले- क्या हो रहा है, सब जानते हैं
Hardoi News: पुलिस वाहन से उतरकर जेल के अंदर जाते समय मीडिया ने अब्दुल्ला आजम से बात करने की कोशिश की, लेकिन अब्दुल्ला ने सिर्फ इतना ही कहा कि क्या हो रहा है, सब जानते हैं। इसके बाद वह मीडिया कर्मियों का अभिवादन कर कारागार के अंदर चले गए।
विस्तार
दो जन्म प्रमाण पत्र बनवाने में दोषी करार दिए गए पूर्व मंत्री आजम खां के पुत्र पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम को रविवार तड़के रामपुर से हरदोई के जिला कारागार भेज दिया गया। रामपुर पुलिस की सुरक्षा में पूर्व विधायक सुबह सवा आठ बजे जिला कारागार के गेट पर पहुंचे। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद लगभग साढ़े आठ बजे उन्हें जेल के अंदर कर दिया गया।
शाम को अब्दुल्ला आजम से मिलने के लिए पहुंचे सपा जिलाध्यक्ष समेत कुछ कार्यकर्ताओं ने हंगामा भी किया, लेकिन समय बीत जाने के कारण मुलाकात नहीं कराई गई। दो जन्म प्रमाणपत्र बनवाने में न्यायालय ने पूर्व मंत्री मोहम्मद आजम खां, उनकी पत्नी पूर्व सांसद तंजीन फातिमा और पुत्र पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम को सात साल की सजा सुनाई गई थी।
एक अटैची और एक बोरी में सामान लेकर आए हैं अब्दुल्ला
इसके बाद से तीनों रामपुर के जिला कारागार में बंद थे। शनिवार देर रात आजम खां को सीतापुर जेल और अब्दुल्ला आजम को हरदोई जिला कारागार में भेजने का निर्णय रामपुर में हुआ था। इसी क्रम में रामपुर के सीओ लाइन संगम कुमार के नेतृत्व में कड़ी सुरक्षा के बीच अब्दुल्ला आजम को हरदोई लाया गया। अब्दुल्ला आजम साथ में एक अटैची और एक बोरी में कुछ सामान लेकर आए हैं।
सामान्य बंदियों की तरह ही रखा गया है
अब्दुल्ला आजम के जनपद की सीमा में प्रवेश करने के साथ ही जेल के अंदर जाने तक जिले की पुलिस भी मुस्तैद रही। प्रभारी जेल अधीक्षक/जेलर संजय सिंह ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर अब्दुल्ला आजम की बैरक का नाम नहीं बताया जा सकता। उन्हें सामान्य बंदियों की तरह ही रखा गया है। उनकी सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया गया है, ताकि कोई परेशानी न हो।
सपाइयों को अंदर प्रवेश नहीं दिया गया
उधर, शाम लगभग चार बजे सपा जिलाध्यक्ष वीरे यादव के नेतृत्व में सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता अब्दुल्ला आजम से मुलाकात करने के लिए जेल पहुंचे। यहां उन्हें अंदर प्रवेश नहीं दिया गया। इस पर इन लोगों ने तीखी नोकझोंक भी की। जेल प्रशासन ने मिलाई के समय ही मुलाकात होने की बात कहते हुए मिलाई कराने से इन्कार कर दिया।
क्या हो रहा है, सब जानते हैं
पुलिस वाहन से उतरकर जेल के अंदर जाते समय मीडिया ने अब्दुल्ला आजम से बात करने की कोशिश की, लेकिन अब्दुल्ला ने सिर्फ इतना ही कहा कि क्या हो रहा है, सब जानते हैं। इसके बाद वह मीडिया कर्मियों का अभिवादन कर कारागार के अंदर चले गए।