माधौगंज। परचल रसूलपुर-माधौगंज-शुक्लापुर भगत अन्य जिला मार्ग का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण होगा। 17 किलोमीटर लंबाई में काम कराने के लिए 37 करोड़ छह लाख 28 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। मंगलवार को विधायक आशीष सिंह आशू ने शुक्लापुरभगत में मार्ग बनवाए जाने के लिए पूजन-अर्चन किया। विधायक ने सड़क चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के काम के पूजन-अर्चन के बाद बताया कि मार्ग क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति और नई दिशा प्रदान करेगा। इसके बन जाने से आवागमन अधिक सुगम व सुरक्षित होने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड दो के अधिशासी अभियंता आरके मौर्य ने बताया कि मार्ग को समय से बनवा लिया जाएगा। मार्ग बन जाने से ऐचामऊ, हथौड़ा, परचल रसूलपुर, भैलापुरवा, हुसालपुरवा, गड़ेरियनपुरवा, बढ़नवा, रमुआपुर, ससेड़ा, चंदौली, भूड़पुरवा, दौलतयारपुर, कलाबाजपुरवा, रूईया, रमजानीपुरवा, राजा नरपति सिंह रैकवाड़ द्वार, मीतानपुरवा, बरगदिया, बरहस, कछियनुपुरवा, दानेपुरवा, इंद्रपुरवा, उसरहा, हरिश्चंद्रपुरवा, हरियापुर और शुक्लापुर भगत आदि गांवों के लोगों को आवागमन में आसानी होगी। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रमेश वर्मा, प्रधान प्रतिनिधि सुधींद्र सिंह रजोल, जितेंद्र शुक्ला, शैलेश सिंह, अजय तिवारी, शिवम तोमर, संजय द्विवेदी आदि लोग मौजूद रहे।