Video: किसान संगठन के लोगों ने एसी कोच में किया कब्जा, सुलगाई बीड़ी, छलकाए जाम
आरपीएफ थाना प्रभारी राकेश कुमार यादव ने बताया कि यात्रियों की शिकायत के बाद ट्रेन को यहां रोका गया था। कार्यकर्ताओं को दूसरी बॉगी में शिफ्ट करा दिया गया।
विस्तार
प्रयागराज जा रहे एक किसान यूनियन के लोगों ने संगम एक्सप्रेस के एसी कोचों में कब्जा कर लिया। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं ने एसी कोच में न सिर्फ बीड़ी सुलगाई बल्कि जाम भी छलका दिए। यात्रियों की शिकायत पर हापुड़ स्टेशन पर रुकने पर आरपीएफ और नगर कोतवाली पुलिस ने कार्यकर्ताओं को एसी कोच से निकालकर जनरल व स्लीपर में शिफ्ट किया गया।
प्रयागराज जा रहे थे सभी
पुलिस के अनुसार एक किसान संगठन के कार्यकर्ता प्रयागराज में होने वाले किसी अधिवेशन में हिस्सा लेने के लिए जा रहे थे। संगम में मेरठ से किसान यूनियन के कुछ कार्यकर्ता एसी कोच में सवार हो गए और लोगों की सीटों पर कब्जा कर लिया।
कोच में सुलगाई बीड़ी, शराब पी
आरोप है कि कार्यकर्ताओं ने एसी कोच में ही बीड़ी सिगरेट सुलगा ली और शराब भी पी। जिसकी शिकायत के बाद जैसे ही ट्रेन हापुड़ स्टेशन पर रुकी तो आरपीएफ और नगर कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार पांडेय ने कार्यकर्ताओं को जैसे तैसे एसी कोच से उतारकर जनरल और स्लीपर कोच में शिफ्ट किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं में जमकर नौंकझोंक हुई।