नंदपुर में ऋण दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी
धौलाना। एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में नंदपुर के ग्रामीणों ने आरोपी व उसके पिता को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया, वहीं सख्त कार्रवाई के लिए थाने के बाहर प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने बताया कि करण पुत्र सुरेंद्र निवासी खुशहालपुर थाना गुलावठी, जनपद बुलंदशहर का रहने वाला है। उसने अपने आपको माइक्रो फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताते हुएसैकड़ों लोगों से ऋण दिलाने के नाम पर 4 हजार रुपये प्रति व्यक्ति एकत्रित कर लिए। निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी ग्रामीणों को फाइनेंस कंपनी द्वारा ऋण उपलब्ध नहीं कराया गया। ग्रामीणों ने आरोपी युवक को गांव में आने पर पकड़ लिया और उससे ऋण दिलाने की बात कही।आरोपी ने कहा कि जिस फाइनेंस कंपनी के लिए वह कार्य करता था। उसका संचालक पैसे लेकर फरार हो गया है। इसलिए ऋण दिलाने में वह असमर्थ है, जिस पर ग्रामीणों ने लिए गए प्रति व्यक्ति 4-4 हजार रुपये की धनराशि वापस करने की मांग की। आरोपी ने एक हजार रुपये प्रति व्यक्ति वापस करने का आश्वासन दिया। लेकिन ऐसा कहने पर ग्रामीण भड़क गए। ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस आरोपी व उसके पिता और एक रिश्तेदार को हिरासत में लेकर थाना ले आई। ग्रामीणों की भीड़ थाने के बाहर जमा हो हई और कार्रवाई के लिए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि घटना की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी