सीओ ने पुलिस बल के साथ शहर में निकाला रूट मार्च
हापुड़। त्योहारों के मद्देनजर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने बृहस्पतिवार को शहर में रूट मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने संदिग्धों से पूछताछ कर व्यापारियों को जागरूक किया।
प्रशिक्षु सीओ रूपाली राय व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार सक्सेना और महिला थाना प्रभारी सुनीता मलिक पुलिस बल के साथ शहर के बाजारों में रूट मार्च निकाला। रूट मार्च अतरपुरा चौपला से शुरू होकर गोल मार्केट, रेलवे रोड, सराफा मार्केट, पुराना बाजार होते हुए कोतवाली पर लौटकर समाप्त हुआ। मार्च के दौरान पुलिस ने लोगों से शांति व्यवस्था व आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। साथ ही अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। वहीं संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई और व्यापारियों को जागरूक किया। बताया कि यदि बाजारों में कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए। इस दौरान प्रशिक्षु सीओ रूपाली राय व महिला थाना प्रभारी सुनीता मलिक ने युवतियों व महिलाओं को सुरक्षित रहने के लिए जागरूक किया।