{"_id":"68d42e6c0f26ed99580a2aaf","slug":"firing-on-a-youth-with-the-intention-to-kill-him-in-hapur-2025-09-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"Hapur: जान से मारने की नीयत से युवक पर की फायरिंग, मामूली कहासुनी के बाद दिया घटना को अंजाम, घटना CCTV में कैद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Hapur: जान से मारने की नीयत से युवक पर की फायरिंग, मामूली कहासुनी के बाद दिया घटना को अंजाम, घटना CCTV में कैद
Wed, 24 Sep 2025 11:33 PM IST
आकाश दुबे
संवाद न्यूज एजेंसी, गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़)
संवाद न्यूज एजेंसी, गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़)
Published by: आकाश दुबे
Updated Wed, 24 Sep 2025 11:33 PM IST
सार
गोली चलने पर युवक बेंच से उठकर भागा, लेकिन आरोपी ने एक के बाद एक करीब आठ राउंड फायर उस पर किए। पीड़ित का कहना है कि फायरिंग से वह बाल-बाल बच गया।
विज्ञापन
फायरिंग करते हुए कैमरे में कैद हुआ आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के गांव नानपुर में बाल कटवाने आए पड़ोसी जनपद निवासी युवक पर उसी के गांव के रहने वाले दूसरे युवक ने जान से मारने की नीयत से पिस्टल से आठ राउंड फायरिंग कर दी। जिससे युवक बाल-बाल बच गया। इसके बाद आरोपी युवक हवाई फायरिंग कर आराम से टहलते हुए वहां से चला गया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
जनपद मेरठ के थाना किठौर क्षेत्र के गांव भडौली निवासी शिवम ने कोतवाली में तहरीर दी है। पीड़ित ने बताया कि बुधवार की शाम करीब छह बजे वह क्षेत्र के गांव नानपुर के मुख्य बाजार में बाल कटवाने आया था। जहां दुकान के बाहर बैठकर वह अपनी बारी का इंतजार कर रहा था। पीड़ित का कहना है कि इसी दौरान गांव भडौली के ही रहने वाले तीन युवक बाइक से दुकान के बाहर पहुंचे। जिनमें से एक युवक पिस्टल लेकर उसके पास पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने के इरादे से पिस्टल से उस पर गोली चला दी।
विज्ञापन
गोली चलने पर वह बेंच से उठकर भागा, लेकिन आरोपी ने एक के बाद एक करीब आठ राउंड फायर उस पर किए। पीड़ित का कहना है कि फायरिंग से वह बाल-बाल बच गया। जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर हवाई फायरिंग करते हुए वहां से दूसरे युवकों के साथ बाइक पर बैठकर चला गया। आरोपी के जाने के बाद उसने पुलिस को सूचना दी। वहीं, फायरिंग की घटना पास में ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की भी जांच कराई जा रही है। आरोपी और उसके साथियों की तलाश का निर्देश कोतवाली पुलिस को दिया गया है।
विज्ञापन