{"_id":"5739e9df4f1c1b202bac78bc","slug":"three-people-arrested","type":"story","status":"publish","title_hn":"तीन लोगों को हिरासत में लिया","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
तीन लोगों को हिरासत में लिया
ब्यूरो/अमर उजाला, हापुड़
Updated Mon, 16 May 2016 09:16 PM IST
विज्ञापन
दो घरों में हुई डकैती और महिला एवं बुजुर्ग की हत्या के बाद पुलिस के हाथ खाली
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र के हिम्मतनगर आजमपुर में दो घरों में हुई डकैती और महिला एवं बुजुर्ग की हत्या में 48 घंटे के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस अभी तक नामजद आरोपी को भी गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
विज्ञापन
हालांकि पुलिस ने कई जगह दबिश देकर तीन चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। उधर, मेरठ के आनंद अस्पताल में चार घायलों में एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। दहपा हिम्मतनगर में शनिवार रात करीब साढ़े 12 बजे बदमाश मास्टर अनजार अहमद के घर में घुसे थे।
विज्ञापन
यहां विरोध करने पर बदमाशों ने सिर पर प्रहार कर आरिफ की पत्नी और अनजार की पुत्रवधु फरजाना की हत्या कर दी। राशन डीलर आरिफ और उसकी बेटी गुल को घायल कर दिया था। बदमाश सेफ के ताले तोड़कर जेवर और नगदी ले गए थे।
विज्ञापन
दूसरी वारदात कुछ ही दूरी पर दहपा आजमपुर गांव में हुई थी। डकैतों ने नवविवाहित दंपति तैय्यब और रेशमा को बेड पर सोते हुए सिरों पर प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
तीसरी वारदात करीब ढाई बजे बदमाशों ने गांव के बाहरी छोर पर ठेकेदार इलियास के चबूतरे पर चारपाई बिछाकर सोए वृद्ध मंजूर की सिर्फ टोकने पर गोली मारकर हत्या कर दी थी।
इस मामले में फरजाना के ससुर अनजार अहमद की तहरीर के आधार पर फरियाद पुत्र मोहब्बते निवासी हिम्मतनगर एवं अन्य अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। अब घटना को हुए करीब 48 घंटे हो चुके हैं।
पुलिस का दावा है कि तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। उधर, मेरठ के आनंद अस्पताल में चिकित्सकों ने तैय्यब, आरिफ और गुल की तबीयत खतरे से बाहर बताई है, जबकि रेशमा की हालत गंभीर बनी हुई है।
कोतवाल यशवीर सिंह ने बताया कि कई जगह दबिश मारी गई हैं। तीन लोगों को पूछताछ के लिए उठाया गया है। जल्द बदमाशों को दबोच लिया जाएगा।
धौलाना विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी रहे वासिद प्रधान सोमवार को गांव हिम्मतनगर आजमपुर दहपा पहुंचे। यहां उन्होंने दोनों मृतकों के परिजनों को दो दो लाख रुपये, घायलों को पचास पचास हजार और अमीरुद्दीन कुरैसी को एक लाख रुपये के चेक सौंपे।
वासिद प्रधान ने कहा कि इस दुख की घड़ी में वह परिजनों के साथ हैं। परिजनों की हर संभव मदद की जाएगी। उनके साथ परवेज, हासमी कुरैशी, गफ्फार नेता, महबूब, मसरु, इरफान और फिरोज ठेकेदार शामिल रहे।
हिम्मतनगर, आजमपुर दहपा में लूटपाट के बाद शुक्रवार रातभर पुलिस जंगल में खाक छानती रही। रात्रि में जगह जगह पुलिसकर्मी भी तैनात रहे। सिंभावली में स्थित ब्लॉक परिसर में सोमवार को ग्राम प्रधान एकता समिति की बैठक हुई।
इसमें क्षेत्र के दर्जनों गांवों से आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में सर्वप्रथम दो मिनट का मौन धारण कर पिलखुवा क्षेत्र के गांव आजमपुर दहपा में डकैती की वारदात के दौरान बदमाशों के हाथों मारे जाने वाले ग्रामीणों की आत्मा शांति की कामना की गई।
शोक सभा के बाद ग्राम प्रधान एकता समिति अध्यक्ष छोटे खां ने घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि बदमाशों के हाथों मरने वालों के परिवारों को दो-दो लाख का मुआवजा देने की घोषणा किसी भी रूप में उचित नहीं है,
इसलिए प्रदेश सरकार मुआवजा राशि को बढ़ाकर दस दस लाख रुपये करने के साथ ही घायलों का निशुल्क इलाज और दो-दो लाख की आर्थिक मदद भी दे। इसके अलावा बदमाशों को जल्द दबोचा जाए।
बैठक में आदित्य चौधरी, इनाम खां, शाहनवाज, सोनू कुमार, मास्टर जमील, गंगा जाटव, नेपाल चौधरी, वीरसिंह चौधरी, महावीर प्रजापति, ईश्वर सिंह, देवेंद्र कुमार समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।