Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Hapur News ›   8,500 forms must be filled out every single day.

Hapur News: अंतिम तिथि पास, लक्ष्य बहुत दूर...हर दिन भरवाने होंगे 8500 फॉर्म

Ghaziabad Bureau गाजियाबाद ब्यूरो
Updated Fri, 27 Nov 2026 12:00 AM IST
विज्ञापन
8,500 forms must be filled out every single day.
हापुड़। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बुधवार को समीक्षा बैठक के दौरान चिंता जताई थी कि पात्रता के बाद भी सूची में करीब 1.70 लाख मतदाताओं के छूटे हुए हैं। उनके चिंता जाहिर करने का असर ये हुआ कि बृहस्पतिवार को हापुड़ के प्रशासनिक हल्के में खासी हलचल देखने को मिली। सूची में नाम जोड़ने की अंतिम तिथि काफी पास है और लक्ष्य बहुत दूर दिखाई दे रहा है। इसके लिए हर-रोज कम से कम 8500 फॉर्म-6 भरवाने होंगे। तहसीलवार पांच-पांच हेल्प डेस्क बनाई गईं हैं। लापरवाही बरतने वालों को चिह्नित किया जा रहा है।
विज्ञापन


विधानसभा क्षेत्र के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान में अभी मतदाताओं से फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 भरवाए जा रहे हैं। 16 दिसंबर तक यह अभियान चलेगा और इसके बाद चार जनवरी 2027 को विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची जारी होगी लेकिन इससे पहले जिले में छूटे मतदाताओं को जोड़ने को लेकर बड़े सवाल हैं। जिम्मेदार अधिकारी अभी भी लापरवाही बरत रहे हैं। इस सूची में 18 से लेकर 20 वर्ष की आयु पूरी कर चुके और महिला मतदाताओं के नाम सबसे अधिक छूटे होने की बात सामने आई है। पड़ताल में सामने आया है कि शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारी अभी भी लापरवाही बरत रहे हैं। इस पर डीएम कविता मीना ने उच्च शिक्षा विभाग की अधिकारी को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है। इसी प्रकार महिलाओं के कल्याण से जुड़े विभागों के अधिकारियों ने एसआईआर से लेकर एसएसआर तक की प्रक्रिया में हीलाहवाली की है। ये सामने आ रहा है कि बीएलओ घर-घर न जाकर एक ही स्थान पर बैठ जाते हैं। यदि घर-घर सर्वे होगा तो फिर इन मतदाताओं को तलाशकर फॉर्म-6 भरवाए जा सकते हैं। वहीं, एसआईआर प्रक्रिया के दौरान बीएलओ पर लोगों के फॉर्म लेकर जमा न करना, गलत फॉर्म को सही न कराने जैसे आरोप भी लग रहे हैं।
विज्ञापन


जनसंख्या से निकाला जा रहा मतदाताओं का प्रतिशत

बता दें कि निर्वाचन आयोग मानता है कि जिले की कुल जनसंख्या में से करीब 60 से 64 प्रतिशत लोग अपनी 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके होते हैं, जो मतदाता बनते हैं। एसआईआर में जिले की जनसंख्या करीब 22.50 लाख थी। उस दौरान करीब 1.88 लाख मतदाताओं के नाम सूची से काटे गए थे। नाम कटने के बाद जनसंख्या करीब 20.62 लाख रह जाती है, इसका 60 से 64 प्रतिशत हिस्सा मतदाता होना चाहिए, लेकिन इसके बाद भी करीब 1.70 लाख मतदाता नहीं मिल रहे हैं। यही कारण है कि प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बुधवार को पत्रकार वार्ता के दौरान चिंता जताई थी। पिछले दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी एक चैनल को दिए साक्षात्कार में एसआईआर के दौरान प्रदेश के करीब 1.25 करोड़ हिंदुओं के वोट कटने की बात कही थी। उनके इस बयान के बाद ही यह सक्रियता बढ़ी है।
विज्ञापन
विज्ञापन




----

प्रशासन ने झोंकी पूरी ताकत, कॉलेजों में चलेगा अभियान
मतदाता सूची दुरुस्त करने के लिए प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। एडीएम डॉ. वेदप्रकाश मिश्रा ने बताया कि जिले में बनाई गईं सभी हेल्प डेस्क पर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की पूरी मतदाता सूची मौजूद रहेगी। लोग अपने मोहल्ले व गांव की सूची देख सकते हैं, जो जरूरत के अनुसार फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 भरकर जमा करेंगे। इसके अलावा सभी कॉलेजों में बैठक की गई है। राशन की दुकानों, कूड़ा एकत्र करने वाले वाहनों, सीएचसी व पीएचसी, शिक्षा विभाग, नगर पालिका, ब्लॉक, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री, स्वयं सहायता समूह आदि विभागों के अधिकारी व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर अब प्रचार-प्रसार भी कराया जा रहा है, जो घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं को जोड़ने का कार्य पूरा करेंगे।




दो दिन में भरे गए थे 8353 फॉर्म
एसएसआर अभियान के दौरान करीब 1.70 लाख मतदाताओं को जोड़ना है तो शेष 20 दिनों में हर दिन करीब 8500 फॉर्म-6 भरवाने होंगे। पिछले शनिवार व रविवार को चले विशेष अभियान में भी 8353 फॉर्म जिले के 1101 मतदान स्थलों पर जमा हुए थे। इतनी बड़ी संख्या में हर दिन फॉर्म भरवाना ही अधिकारियों के लिए बड़ी चुनौती होगी।





यह कहती हैं अधिकारी --



मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों का जिले में पालन कराया जा रहा है। सभी पात्र मतदाताओं को जोड़ने के लिए जिले में बूथों और तहसीलों पर अधिकारी व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सभी अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है।

- कविता मीना, डीएम हापुड़



विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed