भरुआ सुमेरपुर। इंगोहटा गांव में बंदरों का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में खलबली है। बंदरों को पकड़ने के लिए वन विभाग ने दो दिन पहले गांव में पिंजरा लगाया था लेकिन अब तक एक भी बंदर उसके अंदर नहीं पहुंचा है। इधर गुरुवार को कालीदेवी मंदिर मोहल्ला निवासी जगतपाल सोनकर पर बंदर ने हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया।
जगतपाल का परिजन ने अस्पताल में उपचार कराया। उनके हाथ में गहरे घाव हुए हैं। बुधवार को भी बंदरों ने बिजली विभाग के लाइनमैन प्रदीप श्रीवास पर हमला कर घायल कर दिया था। ग्रामीणों के अनुसार गांव में बंदरों के हमले की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इससे पहले अनुराग सिंह, भोला कुशवाहा, लालमन सोनकर, फुर्तीलाल सोनकर और गंगाराम सोनकर समेत कई ग्रामीण बंदरों के हमले में घायल हो चुके हैं। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और वन विभाग से अभियान चलाकर बंदरों को पकड़ने और समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।