Hamirpur: जिला अस्पताल में लगेगी नई लिफ्ट, 35 साल बाद होगी दुरुस्त, मरीजों को होती थी खासी परेशानी
हमीरपुर जिला अस्पताल की 35 साल से खराब पड़ी लिफ्ट को ठीक करने के लिए सोमवार को विभागीय अभियंत्रण इकाई प्रयागराज के इंजीनियर समेत दो सदस्यीय टीम ने सर्वे किया। लिफ्ट के जल्द ठीक होने की आस बंधी है। बता दें कि लिफ्ट की मशीनें बहुत पुरानी है। इन्हें नए सिरे से बदलकर लगाया जाएगा।
इससे इलाज के लिए पहुंचने वाले गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों व बुजुर्गों को अस्पताल की सीढ़ी नहीं चढ़नी होंगी। पिछले दिनों अमर उजाला ने इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इस पर सदर विधायक की पहल के बाद इसे दुरुस्त कराने की कवायद शुरू कर दी गई है।
जिला पुरुष व जिला महिला अस्पताल एक ही भवन में संचालित है। एक-दूसरे में आवागमन के रास्ते होने से यहां आने वाले मरीजों को दूसरी व तीसरी मंजिल में आसानी से पहुंचने की सुविधा मुहैया कराने को लिफ्ट लगवाई गई। यह रखरखाव के अभाव में वर्ष 1987 में खराब हो गई थी।
इससे मरीजों को इसका लाभ मिलना बंद हो गया था। मरीजों की परेशानियों को देखते हुए सीएमओ द्वारा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं महानिदेशक को पत्र लिखकर नई लिफ्ट की डिमांड भी की गई। इसके बाद से 5 अगस्त 2021 तक लिफ्ट की मांग बनी रही।
15 वर्ष में सीएमएस व अस्पताल प्रबंधन की ओर से 16 बार महानिदेशक को पत्र लिखकर नई लिफ्ट की मांग की गई, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। लैब, पैथालॉजी, ओपीडी के साथ डायलिसिस पहुंचने में मरीजों का खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार को स्वास्थ्य भवन लखनऊ के धर्मेंद्र श्रीवास्तव व विभागीय अभियंत्रण इकाई प्रयागराज के इंजीनियर विकास ने इसका सर्वे किया। जिला अस्पताल के मैनेजर विवेक राजधर ने बताया कि स्टीमेट बनाकर शासन को भेजा जाएगा। इसके स्वीकृत होते ही इस पर काम शुरू कराया जाएगा।