राठ। तहसील परिसर में गंदगी व कार्य में लापरवाही पर डीएम ने दो कर्मचारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि व रजिस्ट्रार कानूनगो को कड़ी फटकार लगाई है।
जिलाधिकारी डॉ चंद्रभूषण त्रिपाठी ने बुधवार को तहसील के विभिन्न पटलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं। वाटर कूलर बंद मिला, परिसर, नालियों व अन्य स्थानों पर गंदगी मिली। विभागीय कार्य में लापरवाही बरतने पर तहसील नाजिर अरशद खान व कार्यालय के अभिलेख घर ले जाने पर सहायक मुख्य राजस्व लेखाकार सुनीता अहिरवार को भी प्रतिकूल प्रविष्टि के निर्देश दिए। रजिस्ट्रार कानूनगो की अलमारी में सात साल से धूल फांक रही एक मुकदमे की फाइल देख जमकर लताड़ लगाई। सभी फाइलों की लिस्ट बना समय से निस्तारण करने के निर्देश नायब तहसीलदार को दिए। फौजदारी ए.एस. राजपूत के पटल में दो बाहरी युवकों को कार्य करते देख डीएम भड़क गए। कहाकि किसी भी बाहरी व्यक्ति को पटलों पर न जाने दिया जाए। जो कर्मचारी खुद काम करने में अक्षम हों वह घर बैठें। डीएम ने तहसील परिसर में सफाई रखने, टूटी टाइल्स को सही कराने, अभिलेखों के बेहतर रखरखाव आदि के निर्देश दिए। कम वसूली पर संबंधित अमीनों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम राजेश कुमार मिश्रा, सीओ अभय नारायण राय, तहसीलदार अभिनव चंद्रा, नायब तहसीलदार आदि मौजूद रहे।