UP: डबल मर्डर व सुसाइड! मामले में सीन रीक्रिएट करेगी पुलिस, एसपी बोलीं- बयान बदलने से नए सिरे से होगी जांच
Hamirpur Crime: एसपी डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि घटना का सीन रीक्रिएट कराया जाएगा। वादिया द्वारा बयान बदलने से मामले की जांच नए सिरे से होगी।
विस्तार
हमीरपुर जिले के राठ कस्बे में बीते 26 नवंबर को हुए डबल मर्डर व सुसाइड के मामले का पुलिस सीन रीक्रिएट करेगी। मामले में वादिया के बयान बदलने से परेशान पुलिस नए सिरे से जांच करेगी। अवैध संबंधों के शक में पत्नी को जिंदा जलाने के साथ युवक ने ससुर की गोली मार हत्या करने के बाद खुद को गोली मार ली थी।
मृतक दंपति की बेटी ने पहले पिता के खिलाफ मामला दर्ज कराया था वहीं अब प्रधानाध्यापक के धमकाने पर गलत एफआईआर कराने व प्रधानाध्यापक द्वारा हत्या किए जाने की शिकायत दी है। 26 नवंबर की सुबह करीब दो बजे लीलावती नगर में अनुसुइया का जला शव मिला। वहीं पास में उसके पति ओमप्रकाश व पिता नंदकिशोर के शव मिले।
दोनों की गोली लगने से मौत हुई। मृतक ओमप्रकाश की पुत्री केबीसी ने कोतवाली में अपने मृतक पिता के खिलाफ मां व नाना की हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया। हालांकि मामले में शुरू से अवैध संबंधों के चलते हत्या की बात सामने आ रही थी। इसमें घर में मौजूद मृतक के गांव पहाड़ी भिटारी निवासी प्रधानाध्यापक रतनलाल अहिरवार की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे थे।
बचाने में प्रधानाध्यापक भी झुलस गया
पिता के खिलाफ मुकदमा लिखाने वाली बेटी केबीसी ने बुधवार को नया खुलासा किया। बताया मां प्रधानाध्यापक के साथ रहने की जिद कर रही थीं। इसी बात पर पिता व प्रधानाध्यापक रतनलाल के बीच विवाद हुआ था। पिता द्वारा गालीगलौज करने पर मां अनुसुइया ने कमरे में जाकर आग लगा ली। उसे बचाने में प्रधानाध्यापक भी झुलस गया।
तमंचे की बट व पत्थर से मारपीट कर बेहोश कर दिया
आरोप लगाया प्रधानाध्यापक रतनलाल ने उनके पिता ओमप्रकाश को तमंचे से गोली मार दी। बचाने पहुंचे नाना नंदकिशोर को तमंचे की बट व पत्थर से मारपीट कर बेहोश कर दिया। बताया प्रधानाध्यापक रतनलाल ने उन्हें व उनकी बहन को धमकाया था। कहा किसी को मामले की सच्चाई बताई तो उनके भाई प्रिंस की भी हत्या कर देगा।
घटना का सीन रीक्रिएट कराया जाएगा
इस वजह से उसने सारा इल्जाम अपने पिता पर लगा दिया था। मृतक दंपति की पुत्री ने एसपी के सामने यह खुलासा किया है। एसपी डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि घटना का सीन रीक्रिएट कराया जाएगा। वादिया द्वारा बयान बदलने से मामले की जांच नए सिरे से होगी।