हमीरपुर: चचेरे भाइयों में खूनी संघर्ष; ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश के बाद त्रिशूल और तमंचे से हमला, हालत गंभीर
Hamirpur News: कस्बा थाना क्षेत्र के शिवनी डेरा में शनिवार को चारा हटाने को लेकर एक ही परिवार के चचेरे भाइयों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि एक पक्ष ने ट्रैक्टर चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास किया और तमंचे से फायर भी किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हमले में 50 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शिवनी डेरा निवासी हरिप्रमोद के अनुसार, उनके पिता नारायण पाल (50) पुत्र सुंदर पाल घर के पास खाली जमीन पर चारा हटा रहे थे।
इसी दौरान जमीन से सटे खेत के मालिक वीरपाल, उसका पुत्र आनंद और पत्नी ऊषा ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंचे। तीनों ने नारायण पाल से गाली-गलौज शुरू कर दी। नारायण पाल के विरोध करने पर विवाद बढ़ गया।आरोप है कि इसी दौरान आनंद ने नारायण पाल पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया।
वह किसी तरह बच गए। इसके बाद आनंद ने तमंचे से फायर किया, लेकिन गोली नहीं लगी। आरोप है कि इसके बाद वीरपाल ने नारायण पाल पर त्रिशूलनुमा हथियार से हमला किया, जबकि ऊषा ने डंडे से उनके सिर पर प्रहार किया। हमले में नारायण पाल के माथे और दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आईं।
चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंची पत्नी
घटना के समय नारायण पाल के घर पर उनकी बहू अकेली थी। उनका बड़ा बेटा मुस्करा गया हुआ था, जबकि छोटा बेटा मजदूरी के लिए बाहर गया था। खेत में काम कर रही नारायण पाल की पत्नी कमलेश ने चीख-पुकार सुनी तो मौके की ओर दौड़ीं, लेकिन तब तक आरोपी वहां से जा चुके थे।
परिजनों ने डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस को बुलाया। पीआरवी पुलिस घायल नारायण पाल को सरकारी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्करा लेकर पहुंची। वहां डॉ. शिवजी गुप्ता ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।