हमीरपुर में आगजनी, पथराव और फायरिंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शोहदों की छेड़छाड़ और विरोध करने पर सरे बाजार पीटे जाने से आहत 12वीं की छात्रा ने शनिवार को घर पर आग लगाकर जान दे दी। घटना के बाद कस्बे में भारी बवाल हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों और परिवारीजनों ने जाम लगाकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया तो पुलिस ने लाठी पटककर जाम खुलवाने का प्रयास किया। इससे लोगों का गुस्सा और भड़क गया। पुलिस की गाड़ियां तोड़कर आग लगा दी और पथराव किया। जवाब में पुलिस ने भी ताबड़तोड़ लाठियां भांजी और फायरिंग कर दी। पुलिस की फायरिंग में तीन लोगों को गोली लगी है। तीनों की हालत गंभीर है। समाचार लिखे जाने तक कस्बे में बवाल चल रहा था और स्थिति बेकाबू थी।
मुस्करा थानाक्षेत्र के पहाड़ी-भिटारी गांव निवासी राजकुमार खरे करीब दस वर्षों से परिवार के साथ बिंवार कस्बे में रहते हैं। राजकुमार ने बताया कि उसकी पुत्री स्वीकृति (17) भस्मानंद इंटर कालेज निवादा में पढ़ती थी।
शनिवार सुबह 6 बजे वह कोचिंग पढ़ने के लिए घर से निकली थी। रास्ते में गांव के ही जितेंद्र यादव पुत्र करन यादव ने उसे रोक लिया और छेड़खानी करने लगा। स्वीकृतिने विरोध किया तो आरोपी ने सरेआम उसे लात घूसों से पीटा।
आसपास के लोग दौड़े तो आरोपी मौके से भाग निकला। महिला भूरी पत्नी मुमताज ने छात्रा को बचाया उसे घर भिजवाया। घर पहुंचने पर छात्रा ने परिजनों को आपबीती सुनाई।
राजकुमार ने बताया कि वह अपने भाई शिवकुमार के साथ आरोपी युवक को खोजने निकले थे तभी बेटी ने घर की छत पर आग लगा ली। 90 फीसदी झुलसी छात्रा को मौदहा सीएचसी से जिला अस्पताल लाया गया जहां उसकी मौत हो गई। विरोध में लोगों ने हमीरपुर-राठ मार्ग पर जाम लगा दिया।
शाम को छात्रा का शव मिलने के बाद लोगों का आक्रोश फिर भड़क गया। लोग बारिश के बावजूद जाम लगाए थे। समझाने पर लोग नहीं माने तो पुलिस ने लाठी पटककर खदेड़ना चाहा।
इस पर लोगों का आक्रोश और भड़क गया। भीड़ ने ललपुरा थाने की जीप, पुलिस लाइन का क्यूआरटी ट्रक और एक बाइक को पलटाकर आग के हवाले कर दिया। इसके साथ ही पथराव कर एसडीएम और सीओ की गाड़ियों समेत तीन अन्य वाहनों को तोड़ डाला।
बवाल बढ़ता देख पुलिस ने फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से कस्बे का रोहित पांडेय (25) पुत्र राकेश पांडेय, कल्लू मुर्गावाला (40) और जयकरन सिंह (50) पुत्र रामाधीन गंभीर रूप से घायल हो गए।
रोहित पांडेय के सिर पर गोली लगी है। उसकी हालत गंभीर है। आसमान से बरस रहे पानी के बीच और रात के अंधेरे के बावजूद आक्रोशित लोग चारों तरफ खड़े होकर घटनास्थल पर डटे रहे।
नीली, लाल बत्ती की गाड़ी आते देख हमलावर हो जाते। समाचार लिखे जाने तक परिजन शव को सड़क पर रखकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे, जबकि पुलिस और ग्रामीणों के बीच मोर्चा बंदी जारी थी।