हमीरपुर। शहर के मोहल्ला कजियाना (छोटे बड़े सरकार के पीछे) व पश्चिम उत्तर की ऊंचाई वाली निषाद बस्ती में पानी का संकट है। यहां 24 घंटे में एक बार पानी आता है। पिछले 25 दिन से वह भी नहीं मिल रहा है। लोगों ने डीएम को शिकायती पत्र देकर समस्या के समाधान की मांग की है।
सुधा निषाद ने डीएम डॉ. चंद्रभूषण त्रिपाठी को दिए शिकायती पत्र में कहा है कि मोहल्ला कजियाना ऊंचाई वाली निषाद बस्ती में 25 दिनों से एक भी बूंद पानी नहीं आ रहा है। मोहल्लेवासी दूर से पानी लाकर पीते है। कई बार शिकायत कर समस्या के समाधान की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन राहत नहीं मिली है। पानी का दबाव न बनने से यह समस्या आ रही है। लोग जलकर और गृहकर देने के बावजूद दूसरों के नल से पानी भरने का प्रतिमाह पैसा भुगतान करते है। 500 मीटर दूर लगे दूसरों के नलों से पानी लाकर पीते है। पानी की समस्या को लेकर छह बार डीएम, जल संस्थान व मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर चुके हैं। फिर भी समस्या का समाधान नहीं हो सका है। राधा, तुलसा कैलाशिया, पुष्पा, रुकमिन, माया, संगीता, निशा, आराधना, उमा, श्यामकली ने पेयजल आपूर्ति की मांग की है।