यात्री गण ध्यान दें, कई ट्रेनों के बदल गए हैं रूट
यात्री गण ध्यान दें, कई ट्रेनों के बदल गए हैं रूट दिवाली और छठ में अगर आपने ट्रेन से सफर की प्लानिंग की है तो सतर्क हो जाएं। हो सकता है कि आपकी ट्रेन बीच रास्ते तक ही जाए या उसका रास्ता बदल गया हो। रेल प्रशासन ने विभिन्न स्टेशनों पर चल रहे कार्यों के चलते ट्रेनों के संचालन में बदलाव किए हैं।
उत्तर रेलवे के हरिद्वार-देहरादून रेलखंड के देहरादून यार्ड में रिमॉडलिंग कार्य के लिये 90 दिनाें का यातायात ब्लॉक लिया गया है। इसके चलते गोरखपुर से 13 नवंबर से पांच फरवरी तक चलने वाली 15005 गोरखपुर-देहरादून एक्सप्रेस नजीबाबाद में टर्मिनेट होगी।
वहीं 11 नवंबर से छह फरवरी तक मुजफ्फरपुर से चलने वाली 15001 मुजफ्फरपुर-देहरादून एक्सप्रेस नजीबाबाद में ही टर्मिनेट हो जाएगी। देहरादून से 12 नवंबर से छह फरवरी तक चलने वाली 15006 देहरादून-गोरखपुर एक्सप्रेस नजीबाबाद से तथा देहरादून से 16 नवंबर से एक फरवरी तक चलने वाली 15002 देहरादून-गोरखपुर एक्सप्रेस नजीबाबाद से चलाई जाएगी।
पडरौना तक चल रही कप्तानगंज स्पेशल पैसेंजर
रेल प्रशासन ने (55056/55055) गोरखपुर-कप्तानगंज स्पेशल पैसेंजर ट्रेन का मार्ग विस्तार पडरौना तक किया गया। 55056 गोरखपुर-पडरौना स्पेशल गोरखपुर से सुबह 9.35 बजे चलकर सुबह 11.15 बजे पडरौना पहुंचेगी। वापसी में 55055 पडरौना-गोरखपुर स्पेशल पडरौना से सुबह 11.40 बजे चलकर गोरखपुर दोपहर 2.45 बजे पहुंचेगी।
गोरखधाम और बिहार संपर्क क्रांति का रास्ता बदला
गोरखपुर। गोरखपुर से हिसार जाने वाली गोरखधाम एक्सप्रेस और दरभंगा से नई दिल्ली जाने वाली बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, कटिहार से अमृतसर जाने वाली आम्रपाली एक्सप्रेस का रास्ता बदल गया है। दोनों ट्रेनें अब बुढ़वल-बाराबंकी-लखनऊ-आलमनगर-रोजा के रास्ते चलाई जाएंगी।
हावड़ा-गोरखपुर छठ पूजा स्पेशल 31 को
गोरखपुर। यात्रियों की सुविधा के लिए रेल प्रशासन ने (03031/03032) हावड़ा-गोरखपुर-हावड़ा छठ पूजा विशेष ट्रेन एक फेरे में चलाने का निर्णय लिया है। 03031 हावड़ा-गोरखपुर छठ पूजा स्पेशल 31 अक्तूबर को हावड़ा से रात 11.55 बजे चलकर दूसरे दिन बर्धमान, रामपुरहाट, बरवारा, साहिबगंज, भागलपुर, सुल्तानगंज, मुंगेर, साहिबपुर कमाल, बेगूसराय, बरौनी, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, रूनीसैदपुर, सीतामगढ़ी, बैरगनिया, रक्सौल, नरकटियागंज, बगहा, सिसवा बाजार, कप्तानगंज से छूटकर दूसरे दिन रात 11.00 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी यात्रा में 03032 गोरखपुर-हावड़ा छठ पूजा स्पेशल दो नवंबर को गोरखपुर से सुबह 4.00 बजे चलकर दूसरे दिन हावड़ा तड़के 3.00 बजे पहुंचेगी।