फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gorakhpur News ›   today zila panchayat adhyaksh result release kalactrate close

जिला पंचायत अध्यक्ष का फैसला आज, बंद रहेगा कलेक्ट्रेट

Thu, 07 Jan 2016 02:42 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
अमर उजाला ब्यूरो Updated Thu, 07 Jan 2016 02:42 AM IST
विज्ञापन
गोरखपुर। नए जिला पंचायत अध्यक्ष को लेकर लंबे समय से चल रही अटकलों और दावों पर शुक्रवार को विराम लग जाएगा। सुबह 11 बजे से जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कलेक्ट्रेट स्थित डीएम कोर्ट में वोटिंग शुरू होगी। तीन बजे तक मतदान होगा और उसके बाद मतगणना। किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसलिए डीएम ओएन सिंह ने एहतियातन कलेक्ट्रेट बंद रखने का निर्णय किया है। सिर्फ कलेक्ट्रेट का मुख्य द्वार खोला जाएगा और सदस्यों व ड्यूटी स्टॉफ को ही एंट्री मिल सकेगी।
विज्ञापन

अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें सपा की तरफ से जिला महासचिव की पत्नी गीतांजलि यादव, भाजपा विधायक विजय बहादुर के भाई व निर्दल प्रत्याशी अजय बहादुर यादव और गगहा क्षेत्र के रहने वाले यशवंत यादव शामिल हैं। 73 सदस्य इन सभी के भविष्य का फैसला करेंगे।
विज्ञापन

डीएम ने ‘अमर उजाला’ को बताया कि मतदान और मतगणना में पूरी पारदर्शिता बरती जाएगी। मतों की गिनती की पूरी प्रक्रिया जहां सीसीटीवी में रिकार्ड होगी और मतगणना स्थल पर प्रत्याशी भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े इंतजाम किए गए हैं। अगर किसी ने भी अव्यवस्था फैलाने की कोशिश की तो प्रशासन उससे सख्ती से निपटेगा। डीएम के निर्देश पर एडीएम सिटी और एसपी सिटी ने दोपहर में रूट जांचने के अलावा जरूरी स्थानों पर बैरिकेडिंग कराई। प्रेक्षक ने भी बृहस्पतिवार को तैयारियाें का जायजा लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

शाम तक सहेजा फिर रात भर करते रहे रखवाली
सदस्य भरोसा दिलाते रहे तो प्रत्याशी कसमें  
ठहरने के लिए अलग-अलग जगहों पर किया गया इंतजाम
सर्किट हाउस पर दिनभर गुफ्तगू करते रहे राजकिशोर
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए मतदान के एक दिन पहले दोनों खेमों में रात भर कसरत चलती रही। सदस्यों को सहेजने में पूरा दिन बीता तो रात उनकी रखवाली में। सदस्यों को तीन स्तरों में बांटकर उनपर नजर रखी गई। शुरू से खुले तौर पर समर्थन करने वाले सदस्यों को लेकर तो प्रत्याशी परेशान नहीं रहे, मगर दोनों तरफ झुकते रहने वाले और बाहर भेजे गए सदस्यों की विशेष तौर पर निगरानी होती रही।
सपा प्रत्याशी गीतांजलि यादव और निर्दल प्रत्याशी व भाजपा विधायक के भाई अजय बहादुर, दोनों ही खेमों की तरफ से अपने-अपने सदस्यों के ठहरने की व्यवस्था की गई थी। उनकी आवभगत में कोई कसर छोड़ा नहीं गया। सदस्य, प्रत्याशियों को भरोसा दिलाने में जुटे रहे तो प्रत्याशी और उनके समर्थक वोट देने के लिए सदस्यों को कसमें खिलाते रहे।
भाजपा विधायक और उनके समर्थकों के वाहन लगातार दौड़ते रहे तो वहीं सपा मंत्री राजकिशोर सिंह दिनभर सर्किट हाउस में सदस्यों और करीबियों के साथ गुफ्तगू करते रहे। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक दोनों ही खेमों के  लोग कुछ सदस्यों के घर भी पहुंचे थे। ये वे सदस्य थे जिन्हें लेकर दोनों ही पूरी तरह से आश्वस्त नहीं है कि वे वोट उन्हें ही देंगे। बताया जा रहा है कि जो सदस्य घर पर नहीं मिले उनके घर वालों को मनाने की कोशिश की गई। दोनों ही खेमे अंतिम तक अपनी-अपनी जीत को लेकर दावे करते रहे।

60 सदस्यों का वोट पाएंगे अजय बहादुर: विजय बहादुर
गोरखपुर। गोलघर स्थित एक होटल में पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा विधायक विजय बहादुर ने सपा मंत्री राजकिशोर पर आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता की हनक दिखाकर सदस्यों को धमकाया जा रहा है। वे नहीं मिल रहे हैं तो उनके परिवार वालों को देख लेने की धमकी दी जा रही है। किसी को फर्जी मुकदमे में फंसाने तो किसी को मारने-पीटने की धमकी देकर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सपा प्रत्याशी को जिताने के लिए पूरी प्रशासनिक मशीनरी को लगा दिया गया है। बावजूद इसके सभी सदस्य उनके साथ हैं। तमाम दबावों के बाद भी कोई टूटा नहीं। उन्होंने दावा किया कि अजय बहादुर को 60 वोट मिलेंगे और सपा प्रत्याशी की हार तय हैं। कहा कि चुनाव में अगर किसी तरह की गड़बड़ी होती है तो वे उसका दमदारी के  साथ विरोध करेंगे। कोई सुनवाई नहीं हुई तो कोर्ट का दरवाजा खटखटाने से भी नहीं हिचकेंगे।
हम जीत चुके, सिर्फ सर्टिफिकेट लेना ही बाकी: राजकिशोर
गोरखपुर। सपा की तरफ से जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए प्रभारी बनाए गए मंत्री राजकिशोर सिंह ने ‘अमर उजाला’ से हुई बातचीत में कहा कि पार्टी प्रत्याशी गीतांजलि की जीत हो चुकी है। सिर्फ सर्टिफिकेट लेना बाकी है। मतदान की औपचारिकता पूरी होने के बाद इसे भी ले लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक सपा ही है जो आचार संहिता का पूरी तरह से पालन कर रही है। लोकतंत्र पर हमारा अटूट विश्वास है। जितने भी आरोप लगाए जा रहे हैं वे सभी निराधार हैं। चूंकि अजय बहादुर हार रहे हैं लिहाजा उनके भाई व भाजपा विधायक विजय बहादुर उनपर तरह-तरह के आरोप लगा रहे हैं। यह हार ही है जिसकी वजह से उनके खेमे में हड़कंप मची हुई है। कोई निर्वाचन आयोग से शिकायत कर रहा है तो कोई डीएम-कमिश्नर से। किसी को कुछ नहीं समझ आ रहा तो वह भूख हड़ताल पर बैठ जा रहा है।

भूख हड़ताल पर बैठे कुंवर प्रताप
गोरखपुर। सपा के प्रभारी मंत्री राजकिशोर सिंह पर चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए निर्दल प्रत्याशी अजय बहादुर यादव के चुनाव प्रभारी कुंवर प्रताप सिंह बृहस्पतिवार को टाउन हाल स्थित गांधी प्रतिमा के पास भूख हड़ताल पर बैठ गए। उनका कहना है कि चुनाव परिणाम आने तक वे हड़ताल पर बैठे रहेंगे। अगर मंत्री ने सत्ता का दुरुपयोग कर किसी भी तरह से निष्पक्ष चुनाव में बाधा पैदा की तो उनकी हड़ताल आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने मांग की कि वोटिंग के समय सभी सदस्यों को निर्वाचन प्रमाण पत्र दिखाना अनिवार्य किया जाए। कुंवर प्रताप की इस भूख हड़ताल के समर्थन में अनील शाही, राजीव, ऋषि तिवारी, रवि शुक्ला, कौशल ओझा, विकास तिवारी, अनूप सिंह, केसी तिवारी, तुषार यादव, सर्वजीत यादव, गौतम यादव, संतोष यादव, उमेश यादव, प्रहलाद सिंह, बाबूलाल तूफानी, विजय प्रताप, गोलू सिंह भी मौजूद रहे।
कालीशंकर ने दिया कमिश्नर-डीएम को ज्ञापन
गोरखपुर। अजय बहादुर यादव के चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष कालीशंकर यादव ने बृहस्पतिवार को कमिश्नर और डीएम को ज्ञापन सौंपकर मंत्री राजकिशोर सिंह पर चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन समेत कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मंत्री सदस्यों और उनके परिवार वालों को धमका रहे हैं। उन्होंने मांग की कि मतदान और मतगणना की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाए। सदस्यों और ड्यूटी स्टॉफ के अलावा मतदान स्थल पर किसी और न प्रवेश करने दिया जाए।

सपाइयों ने बैठक कर आरोपों की निंदा की
गोरखपुर। महानगर अध्यक्ष कृष्ण कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को सपाइयों ने बैठक कर अजय बहादुर यादव के समर्थकों द्वारा पार्टी पर लगाए जा रहे आरोपों की निंदा की। मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री जय प्रकाश यादव और जगदीश यादव ने कहा कि विकृत मानसिकता के लोग सपा को बदनाम करने के लिए गांधी प्रतिमा पर धरना दे रहे और पार्टी पर धांधली का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा सपा प्रत्याशी की जीत को देखते हुए विरोध करने वाले लोग बौखला गए हैं। बैठक में मनुरोजन यादव, रजनीश यादव, रामनारायण गुप्ता, नगीना प्रसाद, प्रहलाद यादव, अवधेश पाण्डेय, संजय पहलवान समेत कई सपा कार्यकर्ता मौज्ूाद थे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed