{"_id":"5c17ae41bdec22570920fe80","slug":"new-twist-in-the-case-of-dead-bodies-found-on-railway-track-two-days-before-at-bhatni","type":"story","status":"publish","title_hn":"जिसकी लाश ले जा रहे थे, वह जिंदा पहुंच गया घर, दो दिन पहले रेलवे ट्रैक पर मिला था शव","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जिसकी लाश ले जा रहे थे, वह जिंदा पहुंच गया घर, दो दिन पहले रेलवे ट्रैक पर मिला था शव
Mon, 17 Dec 2018 07:40 PM IST
Vikas Kumar
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देवरिया
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देवरिया
Published by: Vikas Kumar
Updated Mon, 17 Dec 2018 07:40 PM IST
विज्ञापन
Dead Body
- फोटो : फाइल फोटो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दो दिन पूर्व भटनी के पास रेलवे ट्रैक के किनारे मिली लाश की शिनाख्त जिस शख्स के रूप में हुई थी, वह सोमवार को जिंदा घर पहुंच गया। रिश्तेदार लाश लेकर घर जा रहे थे, पर आधे रास्ते में ही युवक के सही सलामत घर पहुंचने की खबर के बाद लाश पुलिस को लौटा दी। अब पसोपेश में पड़ी पुलिस उस युवक को लाने बरेली रवाना हो गई है, जिसके कागजात शव के पास से मिले थे।
विज्ञापन
भटनी-छपरा रेलवे ट्रैक पर झाड़ियों में शनिवार को एक शख्स की लाश पुलिस ने बरामद की थी। तलाशी में युवक की जेब से मिले परिचय पत्र के आधार पर पुलिस ने उसे बरेली के सुभाषनगर ग्वाला गली निवासी विनोद समझा। घर पर फोन किया तो पता चला कि विनोद दो दिन से घर से लापता था। उसके शव मिलने की जानकारी होने पर घर में कोहराम मच गया।
विज्ञापन
शव लेने के लिए विनोद का साला रवींद्र मौर्य मनकापुर (गोंडा) से देवरिया पहुंचा। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव उसके सुपुर्द कर दिया। वह एंबुलेंस से शव लेकर लखनऊ पहुंचा ही था कि रिश्तेदारों ने फोन कर बताया कि विनोद घर आ गया है। लिहाजा रवींद्र लाश लेकर सोमवार सुबह देवरिया पहुंचा और पुलिस पर बिना चेहरा दिखाए लाश सुपुर्द करने का आरोप लगाते हुए मोर्चरी में रखवा दिया। इस पर भटनी पुलिस ने रवींद्र को संदिग्ध मानते हुए हिरासत में ले लिया और विनोद को लाने के लिए सिपाहियों को बरेली भेज दिया।
विज्ञापन
पुलिस ने आशंका जताई कि मौके पर जिस तरह से लाश थी, उससे प्रतीत हो रहा था कि सुनियोजित तरीके से हत्या कर लाश को लाकर झाड़ियों में रखा गया है। पुलिस का मानना है कि विनोद के आने के बाद कुछ जानकारी होगी। इस बाबत एएसपी दक्षिणी शिष्यपाल ने बताया कि घर से लापता विनोद के नाम व पते से जुड़ा जो परिचय पत्र मिला, इस आधार पर रिश्तेदार ने पहचान की थी। अब मालूम हुआ कि वह घर पहुंच गया है।
दो दिन पूर्व चोरी हुआ था बैग
बरेली निवासी विनोद कुमार सिंह ने फोन पर पुलिस को बताया कि वह अपने पैतृक गांव गोपालगंज बिहार गया था। यात्रा के दौरान उसका बैग चोरी हो गया था। इसमें आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, एटीएम कार्ड, मोबाइल और कपड़े थे। यात्रा से लौटने के दौरान उसने घर फोन किया तो घटना की जानकारी हुई। युवक ने खुद यूपी 100 पुलिस को सूचना दी। सच्चाई जानने के लिए भटनी पुलिस विनोद को देवरिया लाने के प्रयास में जुट गई है।