दिल्ली के कड़कड़डूमा कोर्ट के पास से पोस्ट हुआ था पत्र
पुलिस की तफ्तीश में पता चला है कि 16 अगस्त की दोपहर एक बजे कड़कड़डूमा कोर्ट के पास स्थित पोस्टआफिस से धमकी भरा पत्र पोस्ट किया गया था। यह पत्र 22 अगस्त की सुबह मेयर आफिस पहुंचा। इसमें मेयर को 26 अगस्त तक अपने पद से इस्तीफा न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। टोनी ओझा के नाम से आए इस पत्र में उसके भाई मनोज ओझा को मेयर पद का उम्मीदवार बताया गया था। इस मामले की जांच में जुटी पुलिस को अब तक मिली जानकारी में एक बात तो साफ हो गई है कि पत्र दिल्ली कोर्ट के पास से ही भेजा गया है।
डॉक्टर को भी वहीं से आया था पत्र
आर्यन हास्पिटल के संचालक डॉ. डीपी सिंह को भी अप्रैल में रंगदारी के लिए टोनी ओझा के नाम से ही पत्र आया था। पुलिस की जांच में यह बात साफ हो गई है कि डॉक्टर को पत्र भेजने के लिए भी दिल्ली के कड़कड़डूमा कोर्ट के पास स्थित पोस्टआफिस का इस्तेमाल किया गया था। दोनों पत्रों की लिखावट से भी यह स्पष्ट हो चुका है कि इसे एक ही शख्स ने लिखा है।