मंदिर जा रहे प्रेमी युगल पर फायरिंग, युवक घायल
कैंपियरगंज प्रतिनिधि के मुताबिक पीपीगंज क्षेत्र के भगवानपुर जंगल बिहुली गांव निवासी उदय कन्नौजिया कैंपियरगंज सीएचसी पर संविदा कर्मचारी हैं। कॉलेज में पढ़ाई के दौरान ही इलाके की एक युवती से प्रेम संबंध हो गया। इसकी जानकारी घरवालों को हुई तो वह इसका विरोध करने लगे। दोनों की जाति अलग होने से पहले तो घरवालों ने समझाने की कोशिश की लेकिन न मानने पर धमकी तक दे डाली थी। मंगलवार की दोपहर में सीएचसी से काम पूरा कर उदय प्रेमिका के साथ बाइक से मंदिर दर्शन के लिए निकला था।
कैंपियरगंज के महावनखोर चौराहे पर पहुंचा था कि एक बाइक पर सवार दो लोगों ने फायरिंग कर दी। गोली उदय के हाथ में लगी और वह नीचे गिरकर तड़पने लगा। प्रेमिका की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उपचार के लिए उदय को भर्ती कराया है। पुलिस को उदय ने हमलावरों के नाम बताए हैं। उसने कहा कि हमलावर प्रेमिका के घरवाले ही हैं।
प्रेमिका ने जताई थी आशंका
प्रेम संबंध की जानकारी होने के बाद से ही लड़की के घरवाले लड़के के जान के दुश्मन हो गए थे। उन्होंने उदय के खिलाफ थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। पुलिस युवक की तलाश में सीएचसी पर भी पहुंची थी। उधर, युवती ने घरवालों की बात सुन ली थी और युवक को बताया भी था कि उसकी जान को खतरा है।