{"_id":"5cd74bf2bdec220764028396","slug":"bjp-and-opposition-alliance-to-fight-head-on-in-bansgaon-says-ground-report","type":"story","status":"publish","title_hn":"ग्राउंड रिपोर्टः बांसगांव में भाजपा और गठबंधन में आमने-सामने की टक्कर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ग्राउंड रिपोर्टः बांसगांव में भाजपा और गठबंधन में आमने-सामने की टक्कर
Sun, 12 May 2019 03:55 AM IST
दुष्यंत शर्मा
संतोष सिंह, गोरखपुर
संतोष सिंह, गोरखपुर
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sun, 12 May 2019 03:55 AM IST
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
बांसगांव (सुरक्षित) संसदीय क्षेत्र के बनवारपार में फिराक गोरखपुरी का घर है। शायरी पसंद लोकसभा क्षेत्र की चुनावी लड़ाई इस बार दिलचस्प हो गई है। कांग्रेस प्रत्याशी कुश सौरभ का नामांकन खारिज होने के बाद अब मुकाबला भाजपा और गठबंधन के बीच है। भाजपा ने सांसद कमलेश पासवान पर तीसरी बार भरोसा जताया है। वह 2009 और 2014 का चुनाव जीते थे।
विज्ञापन
बसपा ने अनुभवी नेता सदल प्रसाद को चुनाव मैदान में उतारकर लड़ाई को रोचक बना दिया है। सदल ने पिछला चुनाव भी इसी सीट से लड़ा था लेकिन हार गए थे। भाजपा को जहां मोदी-योगी के काम, नाम का सहारा है तो बसपा गठबंधन के सहारे चुनावी वैतरणी पार करने की कोशिश में लगी है। मतदाता किसके हक में फैसला देगा, यह तो 23 मई को पता चलेगा।
विज्ञापन
मतदाताओं से बातचीत में बांसगांव की जो तस्वीर उभरी है, वह गठबंधन की चुनौती बढ़ाने वाली है। ग्रामीण इलाके की इस सीट पर भाजपा दलित और मुस्लिम वोट बैंक में भी सेंधमारी करती दिख रही है। बधरई के 70 वर्षीय फेकन राय ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन खारिज होना भाजपा के लिए फायदेमंद है।
विज्ञापन
भाजपा का वोटर अब डगमगाएगा नहीं। बांसगांव की सड़क चौड़ी हो गई है। गांव में 18 घंटे से ज्यादा बिजली मिल रही है। इसी गांव के दुलारे ने कहा कि खाद, बीज, बिजली, पानी और रसोई गैस का संकट नहीं है। कांग्रेस सरकार में गैस के लिए भी लाइन लगती थी। अब उज्ज्वला योजना के तहत निशुल्क गैस कनेक्शन मिल रहा है।
बुकिंग के साथ ही गैस सिलिंडर घर पहुंच जाता है। मोदी से बेहतर विकल्प अभी नहीं है। कौड़ीराम के विनोद यादव ने भी भाजपा को बेहतर विकल्प बताया। हालांकि इसी गांव के सुभाष चंद्र राय की राय अलग है। वह कहते हैं कि पिछले पांच सालों में बेरोजगारी बढ़ी है। जो वादे 2014 में किए गए थे, वह पूरे नहीं हो सके हैं। बांसगांव में गठबंधन दमदारी से चुनाव लड़ रहा है। चौरीचौरा के राघोपुर गांव में दुकान चलाने वाले गणेश कुमार वर्मा चुनाव को व्यापारियों की सुरक्षा से जोड़कर देखते हैं।
वह कहते हैं कि मोदी-योगी की जोड़ी विकास भी करा रही है। कानून व्यवस्था बेहतर है। ऐसे में दूसरा विकल्प नहीं चाहिए। सथरी के दीपक निषाद प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। वह कहते हैं कि मोदी सरकार ने भ्रष्टाचार खत्म करने की पहल की है। युवाओं का समर्थन मोदी को रहेगा। नगर पंचायत मुंडेराबाजार के अजय यादव राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर मतदान करेंगे।
उनका कहना है कि देश सुरक्षित हाथों में है। आतंकवादियों के सफाए और पाकिस्तान को सबक सिखाने के लिए सेना को खुली छूट है। महदेवा के गगन चौधरी ने कहा कि मोदी सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने की पहल की है। ऐसा पहली बार हुआ।