फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gorakhpur News ›   यूपी का ‘स्वास् थ्य’ सुधारेंगे- सीएम

यूपी का ‘स्वास् थ्य’ सुधारेंगे- सीएम

Mon, 02 Oct 2017 01:11 AM IST
Updated Mon, 02 Oct 2017 01:11 AM IST
विज्ञापन
यूपी का ‘स्वास्
थ्य’ सुधारेंगे- सीएम

विज्ञापन
संतोष सिंह/टीपी शाही
गोरखपुर।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी का ‘स्वास्थ्य’ सुधारने का संकल्प लिया है। गोरखनाथ मंदिर में रविवार को ‘अमर उजाला’ से विशेष बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान और महिलाओं के लिए काम कर रही है। जल्द ही यूपी में हर व्यक्ति का स्वास्थ्य बीमा कराया जाएगा। इस दिशा में सरकार ने काम शुरू कर दिया है। कोशिश है कि हर गरीब को बेहतर और सस्ता इलाज मिल सके। मुख्यमंत्री ने मार्च 2018 तक यूपी में 14 नई दुग्ध डेयरी स्थापित करने का एलान किया। साथ ही कहा कि गुजरात की तर्ज पर डेयरी चलेगी। इस सिलसिले में अमूल और बनास डेयरी से बातचीत भी चल रही है। डेयरी प्रोजेक्ट अच्छे से चले, इसके लिए स्थानीय स्तर पर डेयरी समितियां बनाई जाएंगी।
गोरखनाथ मंदिर में डेढ़ घंटे तक चली बातचीत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हर मुद्दे पर खुलकर बात की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार ने 59 डेयरी बंद करके दुग्ध उद्योग को तहस-नहस कर दिया था। अब इसे पटरी पर लाने की कोशिश की जा रही है। इसी तरह बसपा सरकार ने 2011 में यूपी की 21 चीनी मिलों को औने-पौने दाम में बेचा था। इसकी जांच भी चल रही है। अब पांच कोआपरेटिव चीनी मिलों को चलाने का फैसला लिया गया है। इसमें गोरखपुर की पिपराइच और बस्ती की मुंडेरवा चीनी मिल का नाम शामिल है। बागपत की रमाला चीनी मिल का विस्तार किया जाएगा। दो और चीनी मिलें चलाई जाएंगी। इस क्षेत्र में निजी कंपनियों को भी आने का न्योता दिया गया है। गन्ना किसानों को 24 हजार करोड़ रुपये बकाया धनराशि दी जा चुकी है। नए सत्र से पहले ही एक हजार करोड़ रुपये और दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक की मदद से किसानों की आमदनी बढ़ाने का काम चल रहा है। ड्रिप एरिगेशन पर 90 फीसदी सब्सिडी देने का फैसला हुआ है। यूपी के अलग-अलग जिलों में 21 कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) स्थापित करने का निर्णय हो चुका। इसकी मदद से तकनीक किसानों तक पहुंचाई जाएगी। अब तक एक करोड़ दो लाख किसानों को स्वायल हेल्थ कार्ड दिया जा चुका है। मत्स्य पालन को बढ़ावा दिया जा रहा है। 86 लाख किसानों का कर्ज माफ करके उन्हें खेती-किसानी की मुख्यधारा से जोड़ने की पहल की जा चुकी है। पश्चिमी यूपी के उन विकास खंडों में अब ट्यूबेल कनेक्शन दिए जा रहे हैं, जो डार्क जोन में थे। यह काम 1998 से बंद था। सब्सिडी के 10 हजार सोलर पंप किसानों को दिए जा चुके हैं। भूगर्भ जल ठीक रहे, इसके लिए तीन हजार तालाब खुदवाए गए हैं।
विज्ञापन


पांच नए मेडिकल कॉलेज खुलेंगे
कारपोरेशन खरीदेगी दवा, 3000 नए चिकित्सकों की तैनाती
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाने और व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने का काम जारी है। अब दवा खरीद कारपोरेशन की मदद से की जाएगी। सीधे मैन्यूफैक्चरिंग यूनिट से दवा खरीद होगी। इससे बिचौलियों की भूमिका खत्म होगी। सस्ती दवा मिलेगी। इसका फायदा गरीब को होगा। मौजूदा स्वास्थ्य बजट में ही दोगुना लोगों को नि:शुल्क दवा उपलब्ध कराई जा सकेगी। 3000 नए चिकित्सक आ गए हैं। इन सबको जल्द ही पोस्टिंग दी जाएगी। यूपी के मिर्जापुर, मुरादाबाद, एटा और ललितपुर सहित एक अन्य जिले में पांच नए मेडिकल कॉलेज स्थापित होंगे। इसके प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजे जा चुके हैं। केंद्र की अनुमति मिलते ही मेडिकल कॉलेज बनाने का काम शुरू होगा। इससे स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होंगी। इलाहाबाद में एम्स बनाने की मंजूरी मिल चुकी है। गोरखपुर और रायबरेली में भी एम्स खुले हैं। जिला अस्पताल, सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को भी आधुनिक बनाया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन


केन-बेतवा नदी को जोड़कर सुधारेंगे बुंदेलखंड का भूगर्भ जल
बुंदेलखंड की भूगर्भ जल को दुरुस्त करने के लिए केन और बेतवा नदी को जोड़ने का फैसला किया गया है। मध्य प्रदेश सरकार से बातचीत भी हो गई। आम सहमति बन चुकी है। अक्तूबर में एमओयू पर हस्ताक्षर भी हो जाएंगे। खेत तालाब योजना और चेक डैम बनाने का काम भी चल रहा है। सिंचाई की परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ाई जा रही हैं। पूर्वांचल और बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे बनने के बाद विकास की गाड़ी और तेजी से चलेगी।

बुंदेलखंड में बनेंगे गो संरक्षण केंद्र
यूपी के 16 नगर निगम और बुंदेलखंड के सात जिलों में गो संरक्षण केंद्र बनाए जाएंगे। इसमें एक हजार से पांच हजार गांवों के रखने की व्यवस्था होगी। गोवंश के नस्ल सुधार का काम भी होगा। मुख्यमंत्री का कहना है कि बड़ी संख्या में गोवंश छोड़ दिए जाते हैं। इससे फसलों और किसानों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ता है। इसी सिलसिले में गो सेवा आयोग से बात की गई। तय हुआ कि बुंदेलखंड के सात जिलों (महोबा, बांदा, झांसी, चित्रकूट, जालौन, हमीरपुर सहित अन्य) में गो संरक्षण केंद्र बनाए जाएंगे।

भ्रष्टाचार पर 12 बर्खास्त, और बड़ी कार्रवाई होगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। अब तक भ्रष्टाचार में लिप्त 12 अफसरों को बर्खास्त किया गया। जो लोग भ्रष्टाचार कर रहे या फिर कर चुके हैं, उन पर सरकार की निगाह है। जल्द ही और बड़ी कार्रवाई होगी। इस दिशा में काम चल रहा है। भ्रष्टाचार रहित व्यवस्था देना सरकार की प्राथमिकता में शामिल है।

पूर्वी यूपी में भी अपराधियों के खिलाफ अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखना सरकार की पहली प्राथमिकता है। पश्चिमी यूपी की तरह की पूर्वी यूपी में भी अपराधियों के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ा जाएगा। पुलिस इस दिशा में काम कर रही है। राज्य सरकार का ध्यान महिला सुरक्षा पर ज्यादा है। महिलाओं की 1090 हेल्प लाइन सुविधा अच्छे से काम कर रही है। 64 और जिलों में महिला रेस्क्यू वैन लगाई गई है। 11 जिलों में पहले से महिला रेस्क्यू वैन थी।

एक साथ लोकसभा-विधानसभा चुनाव पर आपत्ति नहीं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ कराने पर सहमति जताई। साफ कहा कि नई व्यवस्था चुनाव खर्च कम होगा। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होगी। केंद्र सरकार इस दिशा में काम कर रही है। यदि केंद्र सरकार चाहेगी कि लोकसभा के साथ ही यूपी के विधानसभा चुनाव कराए जाएं तो इसमें किसी तरह की दिक्कत नहीं आएगी। भाजपा का एजेंडा आम जनता को राहत पहुंचाना है।

विपक्ष की एकजुटता से उपचुनाव में कोई दिक्कत नहीं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के इस्तीफे के बाद खाली गोरखपुर और फूलपुर संसदीय सीट पर उप चुनाव से संबंधित सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा तैयार है। पदाधिकारी, कार्यकर्ता रणनीति बना चुके हैं। पार्टी का काम प्रत्याशी तय करना है। विपक्ष एकजुट होकर चुनाव लड़ना चाहता है तो भी कोई दिक्कत नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर तबके को मिल रहा है। उप चुनाव में भी विपक्ष के उम्मीदवार की जमानत जब्त होगी।

छात्राओं के मामले में संवेदनशील रहें कुलपति
बीएचयू में छात्रा से छेड़छाड़ और बवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मजिस्ट्रेटी जांच चल रही है। छात्राओं से संबंधित शिकायतें संवेदनशील होती हैं। इसे तत्काल निपटाना चाहिए। जांच रिपोर्ट जल्द ही केंद्र सरकार को भेजी जाएगी, फिर दोषियों के खिलाफ अंतिम कार्रवाई होगी। यह कार्रवाई केंद्र और राज्य सरकार के स्तर से की जानी है। दशहरा के बाद छात्र-छात्राएं आकर पढ़ाई करें। किसी को दिक्कत नहीं आएगी। मुख्यमंत्री ने सभी कुलपतियों को छात्रों से संवाद की नसीहत भी दी है।

तहसील, विकास खंड और थाना दिवस में जाएंगे सीएम
विकास से संबंधित काम और जन शिकायतों के निस्तारण में अफसरों की हीलाहवाली पर मुख्यमंत्री ने कहा कि छह महीने का समय दिया था। अब एक्शन होगा। तहसील, विकास खंड और थाना दिवस का निरीक्षण मुख्यमंत्री करेंगे। जिलों के दौरे पर निकलने की कार्य योजना बनाई गई है। अब जमीन पर काम दिखना चाहिए। ऐसा नहीं हुआ तो कार्रवाई की जाएगी।

तीन तलाक पर सख्ती से निपटेंगे
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भी तीन तलाक के मामलों में मुख्यमंत्री योगी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। कहा कि मां-बहनों के साथ ऐसा करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। कानून के दायरे में कड़ी कार्रवाई होगी। इसके दिशा-निर्देश सभी डीएम, एसएसपी को दिए जा चुके हैं।

राष्ट्रभक्ति, प्रेरणादायी होगी यूपी की शिक्षा
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी की स्कूली, स्नातक, परास्नातक स्तर की शिक्षा राष्ट्रभक्ति और प्रेरणादायी होगी। इसके लिए पाठ्यक्रम में बदलाव किया जा रहा है। शैक्षिक सत्र 2018-19 से नया पाठ्यक्रम लागू किया जाएगा। निजी संस्थानों में शिक्षकों की नियुक्ति के नाम पर फर्जीवाड़े को भी खत्म किया जा रहा है। सभी शिक्षकों का ब्योरा आधार नंबर से जोड़ा जा रहा है। सरकार का पूरा ध्यान शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार पर है। प्राथमिक विद्यालय के छात्रों को सरकार सर्दी में स्वेटर भी देगी।


जनता भी रोके अफवाह
मुंबई में फुट ओवरब्रिज गिरने और लोगों की मौत से संबंधित सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अफवाहों को रोकने में सरकार के साथ ही जनता की भूमिका होती है। अफवाह से ही इतने लोगों की जान चली गई। रेल मंत्रालय यात्री सुविधा बढ़ाने पर ध्यान दे रहा है। अब रेलवे स्टेशनों पर लिफ्ट और एक्सलेटर लगाने की जरूरत है। यह काम जल्द शुरू होना चाहिए। यूपी के रेलवे स्टेशनों की व्यवस्था भी खवायी जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed