{"_id":"59b81e384f1c1bf37f8b65ba","slug":"31505238584-gorakhpur-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"मंच गिरने के मामले में नप सकते हैं कई अफसर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मंच गिरने के मामले में नप सकते हैं कई अफसर
Updated Tue, 12 Sep 2017 11:19 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
संतकबीरनगर। स्पोर्ट्स स्टेडियम में फसल ऋण मोचन के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरण के कार्यक्रम के दौरान मंच गिरने के मामले में कई अधिकारियों पर कार्रवाई हो सकती है। डीएम ने एडीएम, सीडीओ, पीडब्लूडी के एक्सईन, बिजली विभाग के एक्सईएन, जल निगम के एक्सईएन, डिप्टी आरएमओ और डीएसओ को नोटिस जारी करते हुए तीन दिन में जवाब मांगा है। इसके साथ ही सुरक्षा को लेकर पुलिस की भूमिका की भी जांच शुरू करा दी गई है। डीएम मार्कंडेय शाही ने बताया कि दस सितंबर को कार्यक्रम के दौरान मंच गिरने जाने के मामले में लापरवाह अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए तीन सदस्यीय टीम भी गठित कर दी है। टीम में एडीएम,सीडीओ और एडिशनल एसपी को शामिल किया है। जो लापरवाही और सुरक्षा के बिंदु पर पुलिस की भूमिका की भी जांच करेंगी। लापरवाही बरतने की वजह से टेंट का कार्य करवाए वेंडर अजय अग्रवाल के खिलाफ केस दर्ज करा दिया गया है। उसकी प्रतिभूति धनराशि जब्त कर ली गई और उसे कोई भुगतान नहीं किया जाएगा। उसे काली सूची में डालने की भी कार्रवाई की जाएगी। एक्सईएन पीडब्लूडी और एक्सईएन विद्युत से जवाब - तलब भी किया गया है। जिसके स्तर से लापरवाही बरती गई होगी और जांच में बात सामने आएगी, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पूरे कार्यक्रम की जिम्मेदारी सीडीओ की थी, इसलिए उन्हें भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जबकि मंच बनाने और उसके सुरक्षित होने का पर्यवेक्षण एडीएम एफआर और पीडब्लूडी के एक्सईन की थी। इनसे भी जवाब मांगा गया है। बिजली की सुरक्षा और प्रकाश की जिम्मेदारी एक्सईएन विद्युत की थी, उन्हें भी नोटिस दिया गया है। पीने के पानी की समुचित व्यवस्था जल निगम के एक्सईएन की थी,जिसमें समुचित प्रबंध नहीं किया गया ,जिसकी वजह से उन्हें भी नोटिस दिया गया है। 5508 लाभार्थियों और आगंतुकों को नाश्ते की व्यवस्था की डिप्टी आरएमओ व डीएसओ को दी गई है। जिसकी गुणवत्ता ठीक नहीं होने की शिकायत मिली। इस वजह से इन दोनों लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। डीएम ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान मंच गिरने की घटना लापरवाही का सूचक है। इसमें जो भी उत्तरदायी है,उनके संबंध में जांच समिति से स्पष्ट आख्या कार्रवाई की संस्तुति के साथ मांगी गई है। इस मामले में जो भी दोषी होंगे,उनके खिलाफ कार्रवाई अवश्य होगी।
विज्ञापन