यूपी कंबाइंड हॉस्टल का विजयी आगाज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मैच के प्रथम हाफ तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। हाफ टाइम के एक मिनट बाद ही यूपी कंबाइंड हॉस्टल की ओर से अमित बागी ने राइट इन पोजीशन से गोल मारकर टीम को बढ़त दिला दी। केरला की टीम ने इसके बाद कई कोशिशें कीं, मगर यूपी कंबाइंड हॉस्टल की डिफेंस के आगे उनकी एक न चली। आखिर में यूपी कंबाइंड हॉस्टल ने 1-0 से मुकाबला जीत लिया। मैच के निर्णायक शशि मोहन, धनश्याम सिंह, धीरज कुमार, नौशाद अहमद रहे। मैच कमिश्नर की जिम्मेदारी एमएस बेग ने निभाई।
इससे पहले खेल मंत्री चेतन चौहान ने खिलाड़ियों से परिचय हासिल कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया और खेल ट्रॉफी का अनावरण किया। उद्घाटन समारोह में खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों की सुविधाएं बढ़ाने के नजरिए से ही खेल किट की राशि एक हजार रुपये से बढ़ाकर 2500 रुपये कर दी गई है। साथ ही हर जिले में दो राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जा रहा है। इस दौरान क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी एके पांडेय, पूर्व मेयर अंजू चौधरी, खिलाड़ी पन्नेलाल निषाद, जनार्दन सिंह, दिनेश सिंह मौजूद रहे।
आज का मुकाबला
प्रतियोगिता के तहत रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में रविवार को दो मुकाबले होंगे। पहला मैच सुबह 11:30 गोरखपुर फुटबॉल संघ और उड़ीसा इलेवन के बीच और दूसरा मुकाबला कैग दिल्ली और मध्य प्रदेश फुटबॉल संघ के बीच दोपहर एक बजे खेला जाएगा।
रिदमिक जिमनास्टिक ने मन मोहा
गोरखपुर। खेल मंत्री चेतन चौहान और खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह के सामने वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स हॉस्टल की छात्राओं ने रिदमिक जिमनास्टिक पेश कर वाहवाही बटोरी। बॉलीवुड गीतों पर जिमनास्टों ने दर्शकों के सामने कई कलाबाजियां दिखाईं।
दो साल में तैयार होंगे 10 लाख खिलाड़ी : खेल मंत्री
फुटबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन करने के बाद खेल मंत्री चेतन चौहान ने कहा कि अगले दो साल में 10 लाख खिलाड़ियों को तैयार करने की योजना है। खिलाड़ियों को हर सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। खेल विभाग ने 25 साल से बंद कोटे की भर्तियां भी शुरू कर दी हैं। अब खिलाड़ियों के सामने रोजगार का संकट नहीं रहेगा। कॉमनवेल्थ गेम्स, अर्जुन पुरस्कार, लक्ष्मण पुरस्कार या रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ियों को 20 हजार रुपये की पेंशन दी जा रही है। उन्होेंने कहा कि फुटबॉल में लोगों की रुचि बढ़ रही है। इसी वजह से पीएम नरेंद्र मोदी ने देश में अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता के आयोजन की अनुमति दी।
खेल मंत्री ने पूछा, कैसा मिलता है खाना
वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज की जिमनास्ट छात्राओं से खेल मंत्री बेहद खुश नजर आए। उन्होंने छात्राओं को पास बुलाया और पूछा कि खाना कैसा मिलता है। किसी तरह की दिक्कत तो नहीं। कितने खिलाड़ियों को नॉन वेज पसंद है। किसी छात्रा ने हाथ नहीं उठाया तो खेल मंत्री ने कहा कि सब शाकाहारी हैं। ये खुशी की बात है। मंत्री ने किट और हॉस्टल की सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली।
हॉकी, क्रिकेट और वाटर स्पोर्ट्स बढ़ेगा
गोरखपुर को जल्द ही हॉकी का एस्ट्रोटर्फ मिलने वाला है। क्रिकेट स्टेडियम की सौगात भी मिलेगी। इसके लिए जमीन की तलाश जारी है। रामगढ़ताल में अंतरराष्ट्रीय वॉटर स्पोर्ट्स के आयोजन होंगे। इसमें खेल विभाग पूरी मदद करेगा।