फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gorakhpur News ›   अवैध खनन पर डीएम व एसपी सख्त

अवैध खनन पर डीएम व एसपी सख्त

Tue, 27 Jun 2017 11:31 PM IST
Updated Tue, 27 Jun 2017 11:31 PM IST
विज्ञापन
अवैध खनन पर डीएम व एसपी सख्त
पडरौना/खड्डा (कुशीनगर)। बिहार से आ रही बालू लदी गाड़ियों से अवैध वसूली की शिकायत मुख्यमंत्री तक पहुंचने के बाद सोमवार की देर रात डीएम और एसपी ने स्वॉट टीम के साथ बिहार सीमा से सटे खड्डा थाना क्षेत्र के सालिकपुर पुलिस चौकी के निकट छापा मारा। वहां बालू लदे एक ट्रक और दो ट्रैक्टर ट्राली के चालक को पकड़ लिया। उन चालकों की सूचना पर दोनों अफसरों ने सालिकपुर पुलिस चौकी पहुंच कर वहां कार्यरत एक हेड कांस्टेबल और एक कांस्टेबल की तलाशी ली तो उनके पास वसूली के 13500 रुपये मिले।
विज्ञापन

पुलिस चौकी पर बालू लदी एक और ट्रैक्टर ट्राली खड़ी थी। इन सभी वाहनों को खड्डा थाने भेजकर सीज कर दिया गया। इन वाहनों के चालकों सहित सात व्यक्ति भी पकड़े गए हैं, जिनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया। साथ ही रुपये के साथ पकड़े गए दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमा के साथ-साथ बालू खनन करा रहे लोगों में भी हड़कंप मच गया है। कुशीनगर जिले की सीमा से सटे बिहार प्रांत के पश्चिमी चंपारण जिले के बगहां अनुमंडल के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व व गंडक नदी के कई स्थानों से प्रतिदिन सैकड़ों ट्राली बालू एनएच 28 बी के रास्ते लाकर कुशीनगर, महराजगंज और गोरखपुर में तीन गुना अधिक दाम पर बेचा जा रहा है। छितौनी-बगहा रेल पुल के दोनों तरफ स्थित पुलिस व वन विभाग के चेक पोस्ट पर इन बालू लदी गाड़ियों से अवैध वसूली की जा रही है। पिछले महीने अवैध वसूली करते एक युवक को पकड़ कर लोगों ने पुलिस को सौंपा था।
विज्ञापन

खड्डा के पूर्व विधायक विजय कुमार दूबे ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास पर उनसे मुलाकात कर जिले में हो रहे अवैध बालू खनन की शिकायत करते हुए जनता में सरकार की छवि खराब होने की बात कही थी। चर्चा है कि मुख्यमंत्री से हुई शिकायत के बाद सोमवार की देर रात डीएम आंद्रा वामसी व एसपी यमुना प्रसाद खुद सच्चाई का पता लगाने बिहार बार्डर पर पहुंच गए थे। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में इस कार्रवाई के संबंध में जानकारी देते हुए डीएम आंद्रा वामसी और एसपी यमुना प्रसाद ने संवाददाताओं को बताया कि अवैध रूप से बालू खनन और ढुलाई की लगातार शिकायतों के कारण यह छापेमारी की गई। इस कार्रवाई के दौरान पकड़े गए गब्बू निवासी लंगड़ी विशुनपुर थाना खड्डा, अवधेश पटेल निवासी रामपुर चेकनगर थाना लौकरिया, राकेश निवासी वाल्मीकिनगर जनपद बगहां, रामध्यान व मोहन निवासी महादेवा थाना खड्डा, हरि निवासी डोमा थाना निचलौल जिला महराजगंज और अनिल निवासी झुलनीपुर थाना निचलौल जिला महराजगंज के खिलाफ लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम और पकड़ी गई बालू लदी गाड़ियों के खिलाफ मोटर एक्ट अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी यमुना प्रसाद ने बताया कि निलंबित किए गए हेड कांस्टेबल नरसिंह और कांस्टेबल जनार्दन यादव के खिलाफ जांच कराई जाएगी। इसके अलावा खनन विभाग को बालू लदे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के संबंध में रिपोर्ट भेजी गई है। उन्होंने बताया कि अवैध रूप से हो रही बालू ढुलाई के संबंध में खनन विभाग और वन विभाग के खिलाफ भी रिपोर्ट भेजी जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन


इसमें शामिल लोगों पर भी हो कार्रवाई
पडरौना। अवैध बालू खनन व बालू लदी गाड़ियों से अवैध वसूली की शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से करने वाले खड्डा के पूर्व विधायक विजय कुमार दूबे ने कहा कि इससे पूर्व वे एसपी से मिलकर अवैध वसूली का एक वीडियो क्लिप भी सौंप चुके थे। इस मामले में विधिवत जांच कराकर उन वरिष्ठ अफसरों व ठेकेदारों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए, जिनकी शह पर यह धंधा चल रहा था और सरकार को बदनाम किया जा रहा था।

विधायक भेज चुके हैं बिहार सरकार को पत्र
पडरौना। बिहार से बालू लदी गाड़ियों के अवैध परिवहन और टाइगर रिजर्व क्षेत्र में बिना पर्यावरण विभाग की एनओसी लिए ही बालू खनन होने के मामले की शिकायत खड्डा के विधायक जटाशंकर त्रिपाठी बिहार सरकार से कर चुके हैं। बिहार के मुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव और पश्चिमी चंपारण के डीएम को पत्र भेजकर विधायक ने इसे अवैध गतिविधि पर रोक लगाने तथा यूपी में वैध परमिट के साथ ही बालू लदी गाड़ियों को जाने देने की छूट देने की मांग की है।

बिहार से बालू लदी गाड़ियों के जनपद में प्रवेश पर प्रतिबंध
पडरौना। जनपद के सीमावर्ती इलाकों में पुलिस विभाग की तरफ से बनाए गए चेकपोस्ट के बारे में सकारात्मक फीडबैक न मिलने पर जिला प्रशासन ने कुछ को बंद करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही बिहार से बालू लदी गाड़ियों के कुशीनगर जनपद की सीमा में प्रवेश करने पर भी पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह जानकारी डीएम आंद्रा वामसी और एसपी यमुना प्रसाद ने मंगलवार को संयुक्तरूप से दी। दोनों अफसर कलेक्ट्रेट सभागार में संवाददाताओं से मुखातिब थे। डीएम ने बताया कि सीमावर्ती इलाकों के सालिकपुर, पनियहवा सहित कुछ अन्य चेकपोस्ट बंद करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही बिहार से बालू लदे वाहनों का कुशीनगर जनपद में प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है।


तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र में सरकार का आदेश बेअसर
फाजिलनगर। सरकार की फरमान के बावजूद तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र में बालू की तस्करी व अवैध रूप से मिट्टी खनन जारी है। इस धंधे में लिप्त लोगों की हनक पुलिसिया इकबाल पर भारी पड़ रहा है। दो दिन पहले ही गड़हिया गांव के समीप जेसीबी मशीन से अवैध मिट्टी खनन करते वक्त एक ट्रैक्टर-ट्राली को पकड़ा गया था। मगर कुछ ही देर बाद एक नेता के प्रभाव में आकर उसे छोड़ दिया गया। सोमवार की देर रात मधुरिया पुलिस चौकी के सिपाहियों ने अवैध बालू लदे ट्रैक्टर-ट्राली को पकड़ा था। इसको लेकर कुछ देर तक गाड़ी ले जा रहे लोगों व सिपाहियों में कहासुनी भी हुई, लेकिन एक सपा नेता व एक सिपाही के हस्तक्षेप के बाद बालू लदी गाड़ी को छोड़ दिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed