फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gonda News ›   Raila set out to take a dip in the Sangam

Gonda News: संगम में डुबकी लगाने निकल पड़ा रेला

Tue, 28 Jan 2025 11:21 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा Updated Tue, 28 Jan 2025 11:21 PM IST
विज्ञापन
Raila set out to take a dip in the Sangam
गोंडा। मौनी अमावस्या पर प्रयागराज में गंगा, यमुना व सरस्वती के संगम में आस्था की डुबकी लगाने को लेकर शहर से गांव तक के श्रद्धालुओं का रेला निकल पड़ा है। महाकुंभ का साक्षी बनने को लेकर हर किसी में उत्साह है। आस्था का ऐसा रेला उमड़ रहा है कि चाक-चौबंद व्यवस्थाएं भी नाकाफी नजर आ रही हैं। मंगलवार को भोर से ही रोडवेज परिसर में यात्रियों की इस कदर भीड़ उमड़ी कि पलक झपकते ही बसें भरती गईं। लोग बस की फर्श पर भी बैठकर सफर करने को लेकर जद्दोजहद करते दिखे। कुछ ऐसा ही हाल ट्रेनों का भी रहा। प्रयागराज की तरफ जाने वाली सभी ट्रेनें श्रद्धालुओं से भरी रहीं।
विज्ञापन

रोडवेज परिसर में मंगलवार भोर प्रयागराज जाने के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। परिसर में कई बसें तैयार थीं। लिहाजा एक-एक करके बसें भेजनी शुरू की गईं लेकिन श्रद्धालुओं की भीड़ कम ही नहीं हो रही थी। इसके चलते लोगों को बस के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। शाम तक कई हजार श्रद्धालु प्रयागराज रवाना किए गए। केंद्र प्रभारी ज्योति ने बताया कि गोंडा रोडवेज बेड़े की कुल 109 बसें प्रयागराज के लिए चलाई जा रही हैं। कई अन्य डिपो की बसें भी लगाई गई हैं। यात्रियों की भीड़ ज्यादा है। बेहतर सुविधा देने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।
विज्ञापन

मनकापुर संवाद के मुताबिक, अयोध्या में सरयू व प्रयागराज के संगम में बुधवार को मौनी अमावस्या पर स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ मनकापुर रेलवे स्टेशन पर रही। मंगलवार दोपहर दो बजे स्टेशन पर देर से पहुंची भटनी-अयोध्या पैसेंजर ट्रेन पर चढ़ने के लिए भी यात्रियों का तांता लगा रहा। देखते ही देखते पूरी ट्रेन भर गई। तमाम यात्री स्टेशन पर ही छूट गए। स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहीं श्रद्धालु शीला शुक्ला, कमलेश शुक्ला, रेनू शुक्ला, अनिल तिवारी, गयाप्रसाद शुक्ल, माता प्रसाद शुक्ल आदि ने बताया कि अब शाम पांच बजे मनवर संगम ट्रेन से प्रयागराज जाएंगे। संगम में डुबकी लगाकर सूर्य भगवान को अर्घ्य देकर सुख समृद्धि की कामना करेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

सिर पर गठरी लेकर चल निकल पड़े प्रयागराज
महाकुंभ का साक्षी बनने के लिए वैसे तो करीब 15 दिन से श्रद्धालु प्रयागराज जा रहे हैं, लेकिन मौनी अमावस्या को लेकर गजब का उत्साह दिख रहा है। कोई सिर पर गठरी लेकर पैदल ही बस अड्डा पहुंच रहा है तो कोई गांव से वाहन बुक कराकर रोडवेज आ रहा है। ऐसे में रोडवेज पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। हजारों लोग पूरे दिन यहां बसों के इंतजार में डटे रहे। बसें आती रहीं, यात्री सवार होते गए मगर भीड़ कम होने के बजाय बढ़ती ही नजर आई। श्रद्धालु रामकिशोर ने अपराह्न एक बजे बताया कि वह सुबह 10 बजे रोडवेज पहुंच गए थे। भीड़ इतनी है कि बस नहीं मिल पा रही है। श्रीनाथ ने बताया कि संगम स्नान के लिए परिवार के तीन लोगों संग जा रहे हैं, लेकिन यहां बस नहीं मिल पा रही है।
चौराहों को बनाया हॉट स्पॉट, लगाई 39 एबुलेंस
महाकुंभ के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी की है। गुरुनानक चौक, एलबीएस तिराहा, दर्जीकुआं, कटी चौराहा, बालपुर, मुंडेरवा माफी, पंडरीकृपाल, इटियाथोक, रुपईडीह चौराहा को हॉट स्पाॅट घोषित करते हुए यहां पर एक-एक एंबुलेंस लगाई गई है। सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा ने बताया कि अन्य स्थानों पर भी कुल 39 एंबुलेंस लगाई गई हैं। इन स्थानों पर स्वास्थ्यकर्मी भी तैनात किए गए हैं। श्रद्धालुओं के बीमार होने या अन्य किसी भी स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस में आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।

---------------
रूट डायवर्जन होने से पैदल ही अयोध्या जा रहे श्रद्धालु
नवाबगंज (गोंडा)। महाकुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं का अयोध्या की ओर रुख होने से जिले की सीमा पर भी प्रशासन अलर्ट है। भीड़ नियंत्रित करने के लिए कटरा शिवदयालगंज से भारी वाहनों का रूट डायवर्जन कर दिया गया है। एएसपी पश्चिमी राधेश्याम राय तथा सीओ तरबगंज ने मंगलवार सुबह यातायात व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ही अयोध्या के सीमावर्ती क्षेत्रों का निरीक्षण किया। प्रभारी निरीक्षक निर्भय नारायण सिंह ने बताया कि अयोध्या में भीड़भाड़ व बुधवार को मौनी अमावस्या के मेले के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। श्रद्धालुओं को असुविधा न हो, इसके लिए कटरा शिवदयालगंज से लोलपुर फोरलेन हाईवे से भारी वाहनों का आवागमन सुचारू रूप चालू रखा गया है। अयोध्या के नया घाट की तरफ जाने वाले मार्ग को पुराने सरयू पुल से बंद कर दिया गया है। जहां से श्रद्धालु पैदल अयोध्या जा रहे हैं। सीओ उमेश्वर प्रभात ने बताया कि कटरा शिवदयालगंज में बैरियर लगाकर बड़े वाहनों को रोक दिया गया है।

-------------
लोलपुर बाईपास पर भी जाम, पुलिस मुस्तैद
टिकरी (गोंडा)। कटरा शिवयालगंज चौराहे से अयोध्या जाने वाले सभी वाहनों को कटरा रेलवे स्टेशन के पास रोका जा रहा है। जहां से बस्ती, गोरखपुर, संतकबीरनगर, उतरौला व बहराइच की तरफ से आने वाले यात्रियों को कटरा से अयोध्या तक पैदल यात्रा करनी पड़ रही है। लोलपुर हाईवे के गोंडा बस्ती बॉर्डर घघौवा पुल पर वाहनों का जाम लगा रहा। कटरा शिवदयालगंज चौराहा व लोलपुर बाईपास पर मंगलवार को दिनभर जाम लगा रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed