Kidnapping Case: पत्नी बोली- हमारी जिंदगी बर्बाद करने वाला किसी लड़की की जिंदगी बर्बाद करे, ये होने नहीं दूंगी
मामले के विवेचक सुनील कुमार नें बताया कि खुशखबरी है, लेकिन इसके बारे में बाद में जानकारी दी जाएगी। प्रकरण में एएसपी शिवराज ने कहा कि मोहर्रम जुलूस को लेकर सभी जगह चौकसी है। पुलिस टीम भ्रमण पर है। कोई अधिकृत सूचना नहीं है। बात भी नहीं हो पाई है।
विस्तार
गोंडा में नवाबगंज कस्बे के कटी तिराहे से अपहृत की गई शिक्षिका को 22 दिन बाद पुलिस ने अपहरणकर्ता जिम संचालक प्रशांत सिंह के साथ बरामद करने में कामयाबी पाई। हालांकि पुलिस इस बारे में अभी कुछ भी बताने इनकार कर रही है। बता दें 16 जुलाई को कस्बे के कटी तिराहे से स्कूल जाते समय जिम संचालक प्रशांत सिंह शिक्षिका का अपहरण कर अपनी सफारी गाड़ी में बैठाकर कर फरार हो गया था। पुलिस ने अपहृत शिक्षिका के मां की तहरीर पर प्रशांत सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की। करीब एक सप्ताह के बाद पुलिस ने अपहरण में शामिल दो लोगों को गिरफ्तार कर सफारी गाड़ी तो बरामद कर लिया था ,लेकिन शिक्षिका समेत अपहरणकर्ता का कोई सुराग लगा पाने में पुलिस कामयाब नही हो सकी थी।
अपहरणकर्ता प्रशांत सिंह की तलाश में पुलिस चंडीगढ़, दिल्ली, लखनऊ, गोरखपुर समेत कई स्थानों पर छापेमारी की लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। पुलिस के कामयाब न होने तथा तथा पीड़ित परिवार के लोगों द्वारा बेटी के बरामदगी के लिए मुख्यमंत्री समेत उच्चाधिकारियों से फरियाद करने के बाद में मामले के खुलासे के लिए जिले की एसओजी टीम को भी लगाया गया। करीब एक सप्ताह तक एसओजी टीम ने भी लगातार हर संभावित ठिकानों पर छापा मारा। शनिवार को शिक्षिका समेत प्रशांत सिंह को गिरफ्तार करने में कामयाब हो गई। सूत्रों के अनुसार, शिक्षिका को पुलिस नें वन स्टाप सेंटर गोंडा भेजकर प्रशांत सिंह से पूछताछ कर रही है। पुलिस अभी खुलासे के बारे में कुछ भी बताने से इनकार कर रही है।
जिम संचालक प्रशांत सिंह की गिरफ्तारी की जानकारी मिलते ही उनकी पत्नी पूजा सिंह अपने दोनों बच्चों के साथ थाने पर पहुंच कर पति प्रशांत सिंह से मिलवाने की मांग की। इस दौरान उन्होंने बताया कि उनके पति ने जो अपराध किया है उसके लिए उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने बताया उन्हें और उनके दोनों बच्चों को उनका हक और न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारी जिंदगी बर्बाद करने वाला पति किसी और लड़की की जिंदगी बर्बाद करे यह हम नहीं होने देंगे।