Gonda Election 2024: गोंडा सीट पर भाजपा प्रत्याशी कीर्तिवर्धन सिंह ने लगाई हैट्रिक, कैसरगंज से करण भूषण जीते
गोंडा लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी कीर्तिवर्धन सिंह ने तीसरी बार जीत का परचम लहरा दिया है। कैसरगंज से करण भूषण को पहली बार में ही सफलता मिली।
विस्तार
गोंडा लोकसभा सीट से कीर्तिवर्धन सिंह ने 2014 के चुनाव में सपा प्रत्याशी नंदिता शुक्ला को 1.60 लाख वोटों से हराकर पहली बार भाजपा के टिकट पर जीत हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव में सपा के विनोद कुमार उर्फ पंडित सिंह को 1.66 लाख मतों के अंतर से हराया था। इस बार इंडिया गठबंधन ने सपा प्रत्याशी श्रेया वर्मा को चुनाव मैदान में उतारा था।
माना जा रहा था कि श्रेया जीत दर्ज कर अपने दादा बेनी प्रसाद वर्मा की हार का बदला ले सकेंगी। कुर्मी, यादव और मुस्लिम वोटों की बदौलत वह संसद तक पहुंचेंगी। मगर जातीय जुगलबंदी भी उन्हें जीत नहीं दिला पाई। ऐसे में कीर्तिवर्धन सिंह तीसरी बार जीत हासिल करने में सफल हो गए।
इसी तरह कैसरगंज से सांसद बृजभूषण शरण सिंह का टिकट काटकर भाजपा ने इस बार उनके बेटे करण भूषण सिंह को चुनाव मैदान में उतारा। करण भूषण ने पहली बार में ही सपा प्रत्याशी भगतराम मिश्र को शिकस्त दी है। यहां भी सपा की ब्राह्मण वोटों की सेंधमारी कोई खास असर नहीं डाल पाई। करण भूषण ने देवीपाटन मंडल में सबसे अधिक वोटों से जीत दर्ज कराई है।
गोलबंदी हुई पर वोटों में नहीं बदल पाए प्रत्याशी
सपा प्रत्याशी भगतराम मिश्र ने कैसरगंज सीट पर ब्राह्मणों के सहारे साइकिल को संसद भवन तक पहुंचाने की पुरजोर कोशिशें की। मगर ब्राह्मण मतदाता सपा पर पूरा एतबार नहीं कर सके। इतना ही नहीं सपा ने भाजपा की तर्ज पर अंत तक सस्पेंस बनाये रखा और नामांकन के अंतिम दिन टिकट की घोषणा की। कैसरगंज सांसद बृजभूषणशरण सिंह के चुनाव प्रबंधन के आगे सपाई फेल हो गए। बृजभूषण अपने बेटे करणभूषण को टिकट के साथ जीत दिलाने में कामयाब रहे। विश्विविद्यालय समेत अन्य मुद्दों के जरिए युवाओं को जोड़ने साधने में भी सपा नाकाम रही है। इस तरह से सपा प्रत्याशी को करारी शिकस्त मिली है।
| प्रत्याशी | राजनीतिक दल | प्राप्त मत | मत प्रतिशत |
| कीर्तिवर्धन सिंह | भाजपा | 4,74,258 मत | 49.77 फीसदी |
| श्रेया वर्मा | सपा | 4,28,034 मत | 44.92 फीसदी |
| सौरभ मिश्र | बसपा | 29,429 मत | 3.09 फीसदी |
| राम उजागर | निर्दल | 3,535 मत | 0.37 फीसदी |
| अरुणिमा पांडेय | निर्दल | 3,073 मत | 0.32 फीसदी |
गोंडा और कैसरगंज में शुरुआती टक्कर के बाद भाजपा ने पकड़ी रफ्तार
चुनावी तपिश के आगे मंगलवार को नवीन गल्ला मंडी में भीषण गर्मी भी फीकी पड़ गई। गर्मी में मतगणना अभिकर्ता पसीने से तरबतर रहे मगर उनकी निगाह वोटों की गिनती पर ही टिकी रही। वोटों के रुझान के साथ चेहरे के रंग भी बदलता रहा। पहले राउंड से ही साइकिल की रफ्तार धीमी पड़ने लगी। ज्यों-ज्यों सूरज की तपिश बढ़ती गई, गोंडा व कैसरगंज लोकसभा क्षेत्र में कमल खिलता गया। हालांकि, कैसरगंज से सपा प्रत्याशी भगतराम मिश्र को दूसरे राउंड में मामूली वोटों की लीड जरूर हासिल हुई, लेकिन उसके बाद फिर करण भूषण सिंह लगातार बढ़त बनाते गए।
नवीन गल्ला मंडी परिसर में मंगलवार सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हुई। पहले चरण से ही गोंडा व कैसरगंज में भाजपा को बढ़त मिलनी शुरू हो गई। पहले चरण में गोंडा से भाजपा प्रत्याशी कीर्तिवर्धन सिंह को 17,839 वोट मिले, जबकि सपा प्रत्याशी श्रेया वर्मा को 14,180 मत हासिल हुए। पहले राउंड में कीर्तिवर्धन सिंह को 3,659 मतों की बढ़त मिल गई।
कैसरगंज से भाजपा प्रत्याशी करण भूषण सिंह को पहले राउंड में 18,567 वोट मिले, जबकि सपा के भगतराम मिश्र को 16,335 मत मिले। करण ने 2,232 वोटों की बढ़त बनाई। लेकिन दूसरे राउंड में कैसरगंज से भगतराम मिश्र को 119 वोटों की मामूली लीड मिली। दूसरे राउंड में कीर्तिवर्धन सिंह को 1,862 वोटों की लीड मिली। इसके बाद हर राउंड में भाजपा प्रत्याशियों को बढ़त मिलती गई और शाम तक दोनों प्रत्याशियों ने जीत दर्ज कर ली।
दोपहर बाद भाजपा खेमे में जश्न
दोपहर तक 18 राउंड की मतगणना होने के बाद तस्वीर लगभग साफ होने लगी थी। दोनों क्षेत्रों से भाजपा प्रत्याशियों की बढ़त के बाद भाजपा खेमे में जश्न शुरू हो गया। भाजपा कार्यालय, गोनार्द लॉन, जयमहल में बैठे कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। जीत का प्रमाणपत्र मिलने के पहले ही मिठाइयां बांटी जाने लगीं।