दिलदारनगर। थाना क्षेत्र के फुली गांव स्थित चट्टी पर किराना दुकान एवं गोदाम का ताला तोड़कर चोरों ने शुक्रवार की देर रात करीब चार लाख के सामान पर हाथ साफ कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन करने के साथ चोरों को चिन्हित करने में जुट गई।
गांव निवासी अकबर अंसारी की चट्टी पर किरान की दुकान एवं गोदाम है। रोज की तरह वह देर शाम दुकान एवं गोदाम बंदकर घर चले गए। सुबह ग्रामीणों ने दुकानदार को चोरी की जानकारी दी। पीड़ित जब मौके पर पहुंचा तो दुकान एवं गोदाम के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर का का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। इधर चोरी की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस घंटों छानबीन में जुटी रही। पीड़ित ने बताया कि मुख्य दरवाजे से लेकर दुकान एवं गोदाम में आठ ताला बंद किया गया था। चोरों ने सभी तालों को तोड़कर घटना को अंजाम दिया है। पीड़ित ने बताया कि अभी देर शाम को वह जंगीपुर से करीब चार लाख के किराना का सामान खरीदकर आया था। दुकान एवं गोदाम में खरीदकर आया सारा सामान चोरों ने उड़ा दिया है। चोरी की घटना से ग्रामीणों में जहां भय व्याप्त है। वहीं ग्रामीणों में इस बात को लेकर चर्चा है कि चोरों की सक्रियता काफी बढ़ गई है, लेकिन पुलिस पूरी तरह से निष्क्रिय बनी हुई है। थाना निरीक्षक कमलेश पाल ने बताया कि दुकानदार की तरफ से तहरीर मिली है। मामले की पुलिस द्वारा जांच की जा रही है, जल्द चोरों को चिन्हित कर दबोच लिया जाएगा।