Ghazipur News: दोहरे हत्याकांड में 23 साल से फरार आरोपी गिरफ्तार, 25 हजार का इनामी गांजा के साथ धराया
दोहरे हत्याकांड में वांछित 25 हजार रुपये का इनामिया रामदुलार राजभर को पुलिस ने गांजा के साथ धर दबोचा। वह करीब 23 सालों से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ सुहवल और दिलदारनगर थाना में हत्या का मुकदमा पंजीकृत है।
विस्तार
दोहरे हत्याकांड में वांछित 25 हजार रुपये का इनामिया रामदुलार राजभर को पुलिस ने गांजा के साथ धर दबोचा। वह करीब 23 सालों से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ सुहवल और दिलदारनगर थाना में हत्या का मुकदमा पंजीकृत है। रेवतीपुर थाना की पुलिस ने अवकल (त्रिलोकपुर) निवासी रामदुलार राजभर पुत्र बीरबल राजभर को 0.780 ग्राम नाजायज गांजा के साथ रेवतीपुर नगसर बार्डर से गिरफ्तार किया।
जिस पर शिवपूजन सिंह निवासी ग्राम अवकल (त्रिलोकपुर) थाना रेवतीपुर की हत्या के संबंध में थाना सुहवल और मृतक तहसीलदार सिंह पुत्र रामायण सिंह निवासी ग्राम अवकल थाना सुहवल की हत्या के संबंध में थाना दिलदारनगर में मुकदमा पंजीकृत है।
आरोपी विगत 22-23 वर्षों से फरार चल रहा था। जिस पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, रामदुलार हाल में भगंदा टोला भागलपुर थाना चैनपुर जनपद कैमूर (भभुआ) बिहार में रहता था।
ट्वीटर पर असलहे की फोटो अपलोड करने के मामले में शख्स हिरासत में
बिरनो थाना क्षेत्र के डाड़ी खुर्द निवासी महफूज खान को ट्वीटर पर असलहे के साथ फोटो ट्वीट करने के मामले में पुलिस ने धर दबोचा। सोशल मीडिया ट्वीटर प्लेटफार्म पर उसकी फोटो सबसे पहले 14 जुलाई 2022को डाली गई। उसके बाद एक बार फिर उसे पिछले दिनों अपलोड किया गया। जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और उसे धर दबोचा। बिरनो थानाध्यक्ष के पी सिंह ने बताया कि महफूज खान को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
फरार आरोपियों के घर कुर्की का नोटिस चस्पा
रामपुर मांझा थाना क्षेत्र के तरांव ग्राम पंचायत के पंडापुर गांव में बीते साल से एससी-एसटी एक्ट में फरार चल रहे दंपती और उनके दो पुत्रों के घर पर डुगडुगी पिटवाने के साथ कुर्की की नोटिस चस्पा की गई। भीम यादव , उसकी पत्नी शांति देवी व उसके दो पुत्र जुगनू व हरिओम यादव के खिलाफ़ बीते साल एससी एसटी एक्ट में मुक़दमा दर्ज हुआ था। इस मामले में तभी से चारों फरार हैं।
पुलिस ने कई संभावित स्थानों पर उनकी तलाश में दबिश दी, लेकिन वो पकड़े नहीं गए और न ही हाजिर हुए। जिसके बाद एससी एसटी कोर्ट के स्पेशल जज के आदेश के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए डुगडुगी पिटवाकर मुनादी कराई गई। इसके बाद घर पर कुर्की की नोटिस चिपकाया गया। अगर आरोपी हाजिर नहीं हुए तो कुर्की कराई जाएगी। इस दौरान एसआई संजय सरोज के साथ अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।