Bhadohi: वीडियो वायरल, सीएमओ के खिलाफ डिप्टी सीएमओ ने खोला मोर्चा, अवकाश को निरस्त करने पर जताई नाराजगी
ज्ञानपुर चिकित्सा महकमे में खींचतान की स्थिति है। सीएमओ के खिलाफ डिप्टी सीएमओ ने मोर्चा खोल दिया है और वीडियो संदेश प्रसारित कर दिया। वीडियो में अवकाश को निरस्त करने पर नाराजगी जताई । आरोपो के बाद महकमें में खलबली है सीएमओ ने बयानो को बेबुनियाद बताया है वहीं आरोप लगाने वाले अधिकारी ने जांच की मांग की है।
विस्तार
ज्ञानपुर जिला क्षय अधिकारी एवं एडिशनल सीएमओ डॉ. विवेक श्रीवास्तव ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार चक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। समकक्ष अधिकारियों को बिना ड्यूटी के वेतन देने की युक्ति बताने की मांग किया। सोमवार को जिला क्षय अधिकारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें वह विभागीय अधिकारी के खिलाफ कई आरोप लगा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग किसी न किसी कारण अक्सर चर्चा में रहता है। अब जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. विवेक श्रीवास्तव के वायरल वीडियो को लेकर चर्चा में है। जिसमें वह कह रहे हैं कि 30 और 31 अक्तूबर को अवकाश के लिए पत्र दिया, लेकिन उसे सीएमओ ने निरस्त कर दिया। उनके कई समकक्ष एडिशनल सीएमओ जो कि महीने में एकाध दिन आते हैं, लेकिन उन्हें पूरा वेतन दिया जाता है।
शासन संग डीएम का निर्देश है कि अधिकारी मुख्यालय न छोड़ें, लेकिन कई अधिकारी प्रयागराज, वाराणसी से प्रतिदिन आते-जाते हैं, जिससे वह दफ्तर समय से नहीं पहुंचते। रात के समय जरूरत पड़ने पर भी वह मरीजों को लाभ नहीं दे पाते, जबकि वह रविवार को भी ड्यूटी करते हैं।उन्होंने सीएमओ से मांग किया कि बिना ड्यूटी वेतन कैसे मिले कृपया यह युक्ति बताएं। वायरल वीडियो के माध्यम से एडिशनल सीएमओ ने विभाग के अंदरखाने में चल रहे पोल को खोलने की कोशिश किया। सीएमओ, भदोही डॉ. एसके चक ने बताया कि वायरल वीडियो में जो बाते कही जा रही हैं, वे सब बकवास हैं। अनुशासनहीनता में डीटीओ के खिलाफ पहले भी कई कार्रवाई हो चुकी है। एडिशनल सीएमओ डॉ. विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि वायरल वीडियो मेरा ही है। वीडियो में जो बाते कही है, वे शत-प्रतिशत सत्य है। इसकी जांच होनी चाहिए।