UP Accident: स्कूल बस की चपेट में आने से 12वीं के छात्र की मौत, वाहन छोड़ भागा चालक; मां की तहरीर पर केस
Ghazipur News: यूपी के गाजीपुर में टहलने निकले छात्र को स्कूल की बस ने पीछे से टक्कर मार दिया, जिससे उसकी माैत हो गई। हादसे के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामला दर्ज कर लिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Road Accident in Ghazipur: बिरनो थाना क्षेत्र के अरखपुर गांव में बुधवार को स्कूली वाहन की चपेट में आने से 12वीं के छात्र मोनू कनौजिया (17) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मिनी बस मौके पर छोड़कर चालक भाग गया। लोगों ने एंबुलेंस से छात्र सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की मां की तहरीर पर पुलिस ने चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थानाध्यक्ष बालेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक की मां ममता देवी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि अरखपुर निवासी मोनू कनौजिया (17) बुधवार की सुबह टहलने के लिए निकला था। इसी दौरान एक स्कूल की मिनी बस ने मोनू को सड़क के मोड़ पर पीछे से अपनी चपेट में ले लिया, इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और ग्रामीण उसे सीएचसी ले गए, लेकिन वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया कि मोनू शांति निकेतन इंटर कॉलेज, बरही में 12वीं का छात्र था। उसके दो भाई व दो बहन हैं। मां गृहिणी व पिता मुंबई में काम करते हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर फैल गई है।
ग्रामीणों ने स्कूली बसों के लापरवाह संचालन पर कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए कार्रवाई की मांग की है। वहीं, थानाध्यक्ष बालेंद्र कुमार ने बताया कि मिनी बस को जब्त कर लिया गया है। साथ ही मृतक की मां की तहरीर पर स्कूल के मिनी बस के ड्राइवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।