बिरनो। थाना क्षेत्र के भड़सर गांव में राजभर बस्ती से नवपुरवा जाने वाले संपर्क मार्ग की स्थिति बदहाल हो चुकी है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों से की लेकिन स्थिति जस की तस है। गुस्साए ग्रामीणों ने रविवार को सड़क पर लगे पानी में धान की रोपाई कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आईना दिखाते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। बताया जा रहा है कि सड़क पर बराबर जलमग्न की स्थिति बनी रहने से लोगों को आवागमन में दुश्वारियां आ रही हैं। मार्ग की ऐसी दशा देख और विभागीय अधिकारियों की लापरवाही से गुस्साए ग्रामीणों का गुस्सा आखिरकार रविवार को फूट पड़ा। उन्होंने एकजुट होकर लाकडाउन के नियमों का पालन करते हुए विरोध में नारेबाजी की और सड़क पर जमे कचरे एवं पानी में धान की रोपाई की। सभी ने एक स्वर में कहा कि अगर 15 दिन के अंदर सड़क को दुरूस्त नहीं किया गया तो ग्रामीण आंदोलन करेंगे। विरोध प्रदर्शन करने वालों में विनोद गुप्ता, आनंद राजभर, गुड्डू राजभर, अभिमन्यु राजभर, चिंता देवी, मंटू राजभर, संजय राजभर, रामाश्रय राजभर आदि उपस्थित थे।