नंदगंज थाना क्षेत्र के कुसम्ही कला गांव के पास शनिवार की शाम तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हाईवेे के किनारे पलट गई। हादसे में चालक की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि अन्य का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
बिहार के छपरा जनपद के सारण गरखा निवासी उपेंद्र कुमार और तरुण मुजफ्फरपुर जनपद के जयप्रकाश निवासी राकेश वर्मा के साथ वाराणसी जा रहे थे। कार चालक संजय श्रीवास्तव चला रहा था। कुसम्ही कला गांव के पास कार अनियंत्रित होकर हाईवेे के किनारे गड्ढे में पलट गई। इसमें कार चालक संजय श्रीवास्तव (45) की मौत हो गई। जबकि उपेंद्र कुमार, तरुण कुमार और राकेश वर्मा घायल हो गए। हादसे के बाद आस-पास के लोगों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर कार में फंसे सभी को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल लाया। चालक के शव को कब्जे घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिवार के लोग रोते बिलखते थाने पहुंच गए, जहां कागजी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थानाध्यक्ष महेंद्र सिंह ने बताया कि कागजी कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।