UP: मुर्गे के लिए 500 रुपये न देने पर बेटे को पीटा, बचाने गई मां की हत्या; शव लेने में पुलिस के छूटे पसीने
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में महिला की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। वह अपने बेटे काे बचाने गई थी। मनबढ़ों ने उसे सड़क पर गिरा कर मारा। बेटे काे भी पीटा। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
विस्तार
Ghazipur News: कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के पाली गांव में बीती रात 11 बजे मुर्गा खाने के लिए 500 रुपये नहीं देने पर मनबढ़ों ने युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। बेटे की आवाज सुनकर बीच-बचाच करने गई मां की आरोपियों ने पीटकर हत्या कर दी।
प्रभारी तहसीलदार कौशल चौरसिया समझाने-बुझाने और कार्रवाई के आश्वासन पर पुलिस शव को कब्जे में ले सकी। मृतका के पुत्र ने दो आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पाली गांव निवासी विधिचंद प्रजापति ने बताया कि वह राजस्थान में रोजी-रोटी के लिए काम करते हैं। पांच दिन पूर्व घर आए और निर्माण कार्य करा रहे हैं। लाइट की आपूर्ति बाधित होने पर गुरुवार की रात मोबाइल चार्ज कराने गए थे। मोबाइल चार्ज होने पर घर लौटते समय रात करीब 11 बजे घर के पास पहुंचते ही गांव के ही अश्वनी राय तथा छोटू राय नशे में मिले। वे दोनों मुर्गा खाने के लिए 500 रुपये मांगने लगे। जब पैसा देने से इन्कार कर दिया तो दोनों पीटने लगे।
परिजनों में मचा कोहराम
शोर मचाने पर मां मंशा देवी (50) वहां पहुंचकर बीच-बचाव करने लगीं। इस पर आरोपियों ने मां पर हमला कर दिया। इससे वह सड़क पर गिर गईं और सिर में गंभीर चोट आने से उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर दोनों आरोपी भाग गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई और छानबीन में जुट गई।
शुक्रवार की सुबह छह बजे पुलिस शव को कब्जे में लेने का प्रयास करने लगी तो ग्रामीण आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग और एसडीएम को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ गए। जानकारी पर पहुंचे प्रभारी तहसीलदार कौशल चौरसिया ने ग्रामीणों और परिजनों को समझा-बुझाकर और आश्वासन देकर शांत कराया। इसके बाद सुबह 11 बजे पुलिस ने शव को कब्जे में लिया।
कासिमाबाद कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने बताया कि विधिचंद प्रजापति ने गांव के ही अश्वनी राय तथा छोटू राय के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। दोनों की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।