थाना क्षेत्र के लहुरापुर गांव में बृहस्पतिवार को पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर दबंगों ने दरवाजे पर चढ़कर एक परिवार पर धावा बोलकर सात लोगों को घायल कर दिया। पीड़ित परिजनों की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्जकर छानबीन करने में जुटी हुई है। गांव निवासी सुभाष कनौजिया दरवाजे पर परिजनों के साथ बैठे थे। इसी दौरान छह की संख्या में पहुंचे हमलावरों ने पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर लाठी डंडे, राड और नुकीले हथियार से हमला कर दिया। इसमें सुभाष कनौजिया, नंदू, माया देवी, विनय, आशीष, अनिता, माया देवी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। शोरगुल सुनकर आस-पास के लोग जब-तक घटना स्थल पर पहुंचते हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंचे ग्राम प्रधान अजीत सिंह ने पुलिस को जानकारी देकर घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां से इलाज के दौरान गंभीर चोट लगने के कारण माया देवी, अनिता और सुभाष को डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां इलाज चल रहा है। इस संबंध में थानाध्यक्ष राजेश कुमार मिश्र ने बताया कि घटना के दूसरे दिन घायल आशीष की तहरीर पर गांव निवासी आंशू, सोनू, विशाल, नितेश, साहब, मोनू के खिलाफ जानलेवा हमला और जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला जमीन संबंधी विवाद प्रतीत हो रहा। पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। आरोपियों की धर पकड़ जारी है, जल्द से जल्द सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।