गाजीपुर। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विधि-विधान से मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के बाद देवी की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस दौरान नाचते-गाते चल रहे उत्साही युवकों ने खूब गुलाल उड़ाया। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस मुस्तैद रही। नगर क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में रखी गई मां सरस्वती की प्रतिमा का विसर्जन बुधवार की देर शाम तक किया गया। पुलिस ने सभी मूर्तियों को एक साथ कराकर सुरक्षा के साथ विसर्जित कराया। सेवराई : तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांव में मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के बाद प्रतिमा का विसर्जन किया गया। डीजे पर नाचते गाते युवाओं ने एक-दूसरे को अबीर गुलाल लगाते हुए मां की प्रतिमा को गांव के बाहर स्थित तालाब में विसर्जित किया। सेवराई, मिश्रवलिया, भदौरा, फरीदपुर, मनिया, बक्सड़ा, देवल आदि गांव में प्रतिमा का विसर्जन किया गया। सरस्वती पूजा क्लब की ओर से पूरे गांव में भ्रमण कराने के बाद प्रतिमा को विसर्जन स्थल तक ले जाया गया। इस अवसर पर युवाओं ने एक-दूसरे को रंग अबीर लगाकर नाचते-गाते मां को विदाई दी। भाजयुमो मंडल उपाध्यक्ष अरुण जायसवाल ने सभी युवाओं को मिठाई खिलाकर स्वागत किया। इस मौके पर चंदन शर्मा, रमेश कुमार, राजेश कुमार, विशाल कुमार, अरुण जायसवाल, राकेश कुमार, दीपक, गोलू, गोरख, सोनू, कृष्णा, विकास आदि मौजूद थे।