राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजनांतर्गत नये लाभार्थियों की स्वीकृति पेंशन धनराशि लाभार्थियों के खाते में भेज दी गई है। मुख्यमंत्री ने बृहस्पतिवार को लखनऊ से धनराशि खाते में भेजी। कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी भवन में मौजूद अधिकारी भी कार्यक्रम से आनलाइन जुड़े रहे।
इस दौरान जिले के 83336 पुराने पेंशनरों एवं 33467 नवीन पेंशनर लाभार्थियों के खाते में त्रैमासिक 1500 रुपये उनके बैंक खाते में अंतरित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के पांच जिलों में वृद्धावस्था पेंशन के लाभार्थियों से सीधा संवाद कर उनका कुशलक्षेम पूछा। उन्होंने सभी से अपील किया कि वे आयुष्मान योजना के तहत गोल्डेन कार्ड बनवा लें ताकि उन्हें नि:शुल्क इलाज की सुविधा मिल सकें। कार्यक्रम के प्रारंभ में समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री ने विभागीय योजना की प्रगति की जानकारी दी। विभागीय राज्यमंत्री डॉ. जेएस धर्मेश ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर लखनऊ में मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी, सूचना नवनीत सहगल, प्रमुख सचिव समाज कल्याण के. रविंद्र नायक उपस्थित थे। जिले में वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान जिलाधिकारी एमपी सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता, समाज कल्याण अधिकारी रामविलास यादव उपस्थित थे।