गौली (गाजीपुर)। सपा की ओर से क्षेत्र के मोईनदीनपुर में रविवार को पीडीए जन पंचायत व जन संवाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सलेमपुर क्षेत्र से सांसद रमाशंकर राजभर विद्यार्थी ने कहा कि कुछ लोग राजभर समाज को बांटने का काम कर रहे हैं। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर पर कटाक्ष करते हुए कहा कि एक सत्यानाशी राजभर आया है। राजभर समाज को राजा के खानदान का हवाला देकर आरक्षण को ठगने का काम किया। जबकि यह समाज गरीब मजदूर समाज होता है। राजभर समाज का ओमप्रकाश राजभर ने सत्यानाश कर दिया है।
सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री ने मंत्री तो बना दिया लेकिन पंचायती राज का प्रमुख सचिव का पद अपने पास ही रखा। पंचायती राज में श्मशान घाट बनवाने के नाम पर लाखों रुपये का कमीशन खाया जा रहा है। पीडीए के तहत सरकार बनने जा रही है। योगी सरकार ने जब ओमप्रकाश राजभर को बर्खास्त किया तो इसी समाजवादी पार्टी ने गले लगाया, लेकिन उन्होंने धोखा देने का काम किया। गाजीपुर में राजभर समाज की हत्याएं हो रही हैं। सत्यानाशी राजभर उनसे मिले हुए हैं। दिन में राजभर समाज से मिलते हैं और रात में हत्यारों को संरक्षण देते हैं। इस मौके पर पूर्व राज्य मंत्री रमाशंकर राजभर, पूर्व विधायक उमाशंकर कुशवाहा, महेंद्र चौहान, जयनाथ राजभर, हरिनाथ राजभर आदि मौजूद रहे।