UP: 'मेरे सामने पति का गला दबाया, तीन बार चाकू घोंपा', कहकर रो पड़ी पत्नी; 5 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
Ghazipur News: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में एक पिता ने अपने ही बेटे की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। सूचना पाकर माैके पर पहुंची खानपुर थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
विस्तार
UP Crime News: खानपुर के बहेरी गांव में एक पिता के हाथों उसके ही बेटे के कत्ल से हर कोई हैरान है। हत्या के पीछे वजह जानने वाले सोच में पड़ जा रहे हैं। वहीं, अपने बेटे की मौत और हत्यारोपी पति की गिरफ्तारी को लेकर ताहिरा का रो-रोकर बुरा हाल है। वह कहती हैं कि हत्या की असली वजह तो वह ही है। जब तक नहाकर निकलती, तब तक दोनों बाप-बेटे लड़ने लगे थे। दूसरी ओर बहू का कहना है कि मेरे सामने मेरे पति को ससुर ने गला पकड़कर अंदर ले गए थे और तीन बार चाकू घोंपकर मार डाला।
शहाबुद्दीन उर्फ पप्पू नट (54) ने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा कि मामूली बात पर वह अपने की बेटे के खून से हाथ रंग लेगा। वह थाने पर गुमशुम बैठा शायद यही सोच रहा होगा कि जिस बहू को सदा सुहागन रहने का आशीर्वाद देता रहा, उसे अपने ही हाथों से विधवा बना दिया।
बेटे के पांच मासूम बच्चे भी उसकी वजह से अनाथ हो गए और गरीबी का दंश झेल रहे परिवार की राह और कठिन हो गई। शहाबुद्दीन की पत्नी ताहिरा ने रोते हुए कहा कि भइया मर गया एक बेटा हमारा...। मैं ही हूं इसकी असली वजह। ताहिरा के मुताबिक वह नहा रही थी। उसी समय उसका बड़ा बेटा सलमान नट आया और कहने लगा जल्दी करो, उसे भी नहाना है।
परिजनों में मचा कोहराम
मैंने कहा कि नहाने के बाद ही निकलूंगी। इसी बीच उसका उसके पिता से विवाद हो गया। वह नहाकर निकलती कि दोनों भिड़ गए थे। गुसलखाने से निकल गई होती तो शायद ऐसा दिन न देखने को मिलता। वहीं, मृतक की पत्नी रुखसाना का आरोप है कि उसके सामने ही ससुर उसके पति का गला पकड़कर घर के अंदर ले गए।
तीन बार चाकू घोंपकर मार डाला। अब हमारा और हमारे बच्चों का कोई नहीं रहा, कहते हुए रो पड़ रही है। घटना की सूचना पर पहुंची मृतक की सास सरवरी देवी रोते हुए आरोप लगा रही थीं कि उसके दामाद की निर्ममता से हत्या कर दी गई।
इन मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
बेटा-राज (11)
बेटी- खुशी (8)
बेटा- काजू (6)
बेटा- टुनटुन (4)
बेटी- परी (2)