कासिमाबाद। निष्पक्ष चुनाव से लोकतंत्र मजबूत होता है। जनता का सहयोग मिला तो जिले का सबसे शांतिप्रिय चुनाव होगा। यह बातें जिलाधिकारी एमपी सिंह ने सोमवार को कासिमाबाद विकासखंड में पंचायत चुनाव में भागीदारी कर रहे उम्मीदवारों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बताया कि नामांकन पत्रों की बिक्री ब्लाक मुख्यालय पर चल रही है। उम्मीदवार अपना नामांकन पत्र खरीद कर समय रहते सभी प्रपत्र ठीक कर लें। जिलाधिकारी ने बताया कि जो भी चुनाव में शराब, पैसा या किसी भी तरह के प्रलोभन में शामिल या सहयोग करते हुए पाया गया तो वह कार्रवाई से बच नहीं सकेगा। बताया कि जिले में धारा-144 लागू है। इसलिए बिना अनुमति के कोई भी सभा, बैठक, सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं होगा। पुलिस अधीक्षक डा. ओपी सिंह ने कहा कि चुनाव में गड़बड़ी कराने वालों पर पुलिस एवं खुफिया एजेंसी की नजर है। ग्राम चौकीदारों को हिदायत देते हुए कहा कि अगर किसी के गांव में शराब, पैसा, दावत करने की शिकायत मिलती है तो तत्काल थाने पर सूचना दें। ऐसा न करने वाले चौकीदार की सेवा समाप्त करते हुए मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा। डीएम के सामने एक उम्मीदवार ने एक कर्मचारी का नाम लेते हुए नामांकन पत्रों को निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर बेचने की शिकायत की। जिस पर जिलाधिकारी ने कर्मचारी को बुलाकर फटकारा और पैसा वापस करने का निर्देश दिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आरडी चौरसिया, एसडीएम भारत भार्गव, क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद आनंद मोहन शाही, तहसीलदार विराग पांडेय, खंड विकास अधिकारी शिवांकित तथा सभी थाना प्रभारी मौजूद थे।