काशी में कार से मांस बरामद: पुलिस को देख भाग रहा था चालक, गिरफ्तार; बोरों में भरकर रखा था 40 किलो माल
Varanasi News: आदमपुर थाना पुलिस ने राजघाट पिकेट के पास एक सेंट्रो कार से करीब 40 किलो संदिग्ध गोश्त बरामद किया। चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गोश्त के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मांस किस जानवर का है और इसके पीछे कोई नेटवर्क तो नहीं।
विस्तार
Varanasi Crime: वाराणसी के आदमपुर थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार को राजघाट पुलिस पिकेट के पास एक सेंट्रो कार से भारी मात्रा में संदिग्ध गोश्त बरामद किया। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बरामद गोश्त को जांच के लिए भेजा गया है, जिसके बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वह किस जानवर का है।
इंस्पेक्टर आदमपुर विमल मिश्रा ने बताया कि आदमपुर चौकी प्रभारी प्रशांत पाण्डेय को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पड़ाव की ओर से एक युवक कार में किसी जानवर का गोश्त भरकर राजघाट की तरफ ले जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और राजघाट पुलिस पिकेट के पास वाहनों की सघन चेकिंग शुरू कर दी गई।
इसी दौरान पड़ाव की ओर से आ रही एक सेंट्रो कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही चालक घबराकर वाहन मोड़कर भागने लगा। शक होने पर पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर पकड़ लिया। इसके बाद कार की तलाशी ली गई तो अंदर बोरों में भरकर रखा गया करीब 40 किलो गोश्त बरामद हुआ।
चर्चाएं तेज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जिला स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंचे अधिकारियों की मौजूदगी में गोश्त के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि बरामद मांस किस जानवर का है और उसे कहां ले जाया जा रहा था।
इंस्पेक्टर विमल मिश्रा ने बताया कि पकड़े गए युवक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गोश्त कहां से लाया गया था और इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो नहीं है। फिलहाल मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना रहा। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक धैर्य बनाए रखने की अपील की है।