सेवराई। तहसील क्षेत्र के स्व. चंद्रशेखर जी पूर्व प्रधानमंत्री स्मारक महाविद्यालय रामपुर कनवा में उपजिलाधिकारी के निर्देश पर आइसोलेशन वार्ड बनाकर बाहर से आए 91 संदिग्ध लोगों को रखा गया है। बुधवार की सुबह लोगों ने खाने-पीने की कोई व्यवस्था न होने का आरोप लगाते हुए जमकर हो-हल्ला किया। उन्होंने भूख हड़ताल शुरु कर दी। सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। हंगामा करने वालों का आरोप था कि पुलिस ने लाठीचार्ज करने के साथ ही उनका मोबाइल छीन लिया।
मंगलवार की सुबह प्रशासन ने दिल्ली, मुंबई, गुजरात, पंजाब आदि जिलों से आए 91 लोगों को रास्ते और घरों से लाकर तहसील क्षेत्र के स्व. चंद्रशेखर जी पूर्व प्रधानमंत्री स्मारक महाविद्यालय में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में रखवा दिया है। इसमें कुछ महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। बुधवार की सुबह 11 बजे लोगों ने हो-हल्ला के बीच हंगामा शुरु कर दिया। उनका आरोप था कि शासन-प्रशासन की तरफ से मंगलवार सुबह से ही हम लोगों को महाविद्यालय पर लाकर रखा गया है, लेकिन खाने-पीने की कोई व्यवस्था नहीं दी जा रही है। हम कोरोना सेे बाद में और भूख-प्यास से पहले मर जाएंगे, जिससे हम लोग बहुत परेशान हैं। आरोप लगाया कि सुबह जो चाय मिल रही है, वह भी बाथरूम में रखी बाल्टी में लाकर दी जा रही है। नाश्ते में केवल छोटे से प्लेट में सूजी और आटा को मिलाकर हलवा दिया जा रहा है। आइसोलेशन में रखे सभी लोगों ने मूलभूत सुविधाओं एवं भोजन को लेकर भूख हड़ताल शुरू कर दिया। आरोप लगाया कि गहमर थाना पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज करने के साथ ही कई लोगों का मोबाइल छीन लिया। हंगामा की सूचना मिलते ही एसडीएम विक्रम सिंह, कानूनगो आनंद कुमार यादव, लेखपाल सहित अन्य कर्मचारी पहुंच गए। शाम साढ़े तीन बजे नोडल अधिकारी डा. डीपी सिन्हा, प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. रविनंदन ने स्क्रीनिंग शुरु की। भूख हड़ताल समाप्त करने को लेकर अधिकारियों की वार्ता जारी रही।