गाजीपुर: जुए में हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, दोनों पैरों में लगी गोली
मोहाव गांव में जुए के दौरान युवक की हत्या के आरोपी संजय बिंद ने हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी।
विस्तार
गाजीपुर के मोहाव गांव में जुए के दौरान युवक की गोली मारकर हत्या करने का आरोपी मंगलवार को पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। हत्या में इस्तेमाल .32 बोर की पिस्टल बरामद कराने ले जाते समय आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया कि नगर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को हत्या के आरोपी संजय बिंद निवासी बकराबाद को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने वारदात में इस्तेमाल पिस्टल के बारे में जानकारी दी और उसे बरामद कराने की बात कही।
बरामदगी के दौरान पुलिस टीम पर चलाई गोली
पुलिस टीम आरोपी को लेकर पिस्टल बरामद कराने जा रही थी। इसी दौरान उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
एसपी के अनुसार, मुठभेड़ और हथियार बरामदगी के मामले में अलग से प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह और निरीक्षक देवेंद्र कुमार मिश्रा की टीमें शामिल रहीं।
जुए के दौरान युवक की गोली मारकर की गई थी हत्या
पुलिस के अनुसार, नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहाव गांव के पास पासीपुरवा में तालाब किनारे सोमवार रात जुआ खेलने के दौरान विवाद हुआ था। इसी दौरान ग्राम प्रशासक संजय बिंद ने अजय कुमार (28) के पेट में गोली मार दी थी। घटना में राजमिस्त्री सुरेंद्र राम (35) के दाहिने हाथ में भी गोली लगी थी।
गोली लगने से अजय की मौत हो गई थी, जबकि सुरेंद्र घायल हो गया था। इस मामले में मृतक के चाचा श्रीराम राम की तहरीर पर मंगलवार को दोपहर 3:42 बजे आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।